क्रिकेट

MI vs RR: रोमांचक जीत के बाद रोहित शर्मा ने की यशस्वी जायसवाल की जमकर तारीफ, दिए टीम इंडिया में भविष्य को लेकर संकेत

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 1, 2023, 07:00 AM IST

मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आतिशी शतकीय पारी खेलने वाले राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की रोहित शर्मा ने जीत के बाद जमकर तारीफ की है और उनके टीम इंडिया में भविष्य को लेकर भी संकेत दिए हैं।

Image

यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा(साभार IPL/BCCI)

Rohit Sharma ka bayan: आईपीएल 2023 में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स-पंजाब किंग्स के बीच और दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियन्स-राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया। दोनों ही मुकाबलों का नतीजा आखिरी गेंद पर हुआ और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 200 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की। मुंबई इंडियन्स को तो टिम डेविड ने आखिरी ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर यादगार जीत दिलाई। 213 रन के लक्ष्य को मुंबई ने 3 गेंद और 6 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। टिम डेविड ने 14 गेंद में 45 रन की नाबाद और सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंद में 55 रन की पारी खेली।

हमारे अंदर है बड़े लक्ष्य हासिल करने की क्षमता

अपने 36वें जन्मदिन और आईपीएल इतिहास के 1000वें मैच में जीत दर्ज करने के बाद मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, जिस अंदाज में हमने लक्ष्य को हासिल किया वो बेहत संतोषजनक है। यहां पिछले मुकाबले में भी ऐसे ही लक्ष्य के करीब आकर हार गए थे। हमारे अंदर इस तरह के लक्ष्य को हासिल करने की क्षमता है और वो हमने कर दिखाया ये बेहद खुशी की बात है। जब हमारे सामने लक्ष्य होता है तो हम उसके अनुरूप बल्लेबाजी करते हैं।

क्या नए पोलार्ड बनेंगे टिम डेविड?

क्या टिम डेविड अगले किरोन पोलार्ड बनेंगे? इसके जवाब में रोहित शर्मा ने कहा, पोलार्ड की कमी पूरी कर पाना मुश्किल काम है। पोलार्ड ने कई सालों तक हमारे लिए खेले और उनके प्रदर्शन की बदौलत हमने बहुत सी ट्रॉफी जीतीं। लेकिन टिम डेविड के अंदर बहुत क्षमता और ताकत है जैसा कि आपने आज देखा। आखिरी के ओवरों में उनकी इन खूबियों का हमें फायदा मिलता है। उनका टीम में होना हमारे लिए अच्छी बात है।

मुश्किल होता है टीम में बदलाव करना

राजस्थान के खिलाफ मुकाबले के लिए मुंबई ने कई बदलाव टीम में किए थे। इसके बारे में हिटमैन ने कहा, टीम में बदलाव करना थोड़ा मुश्किल होता है लेकिन बार आपको परिस्थितियों और अनुरूप निर्णय लेने पड़ते हैं। ऐसी स्थिति के खिलाड़ियों को हमेशा तैयार रहना चाहिए। हमने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही ये बात कही थी कि एक टीम के रूप में हमें फ्लेक्सिबल रहना होगा। जिससे कि हम यहां वहां एक दो बदलाव कर सकें। हम अगर बदलाव टीम संयोजन और संतुलन के आधार पर करते हैं तब तक सब ठीक है।

जोफ्रा धीरे धीरे हासिल कर रहे हैं लय

जोफ्रा आर्चर की वापसी के बारे में रोहित ने कहा, जोफ्रा आर्चर को गंभीर चोट लगी थी। हम इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि गेंदबाजों को वापसी के लिए मैच प्रैक्टिस की जरूरत होती है तब वो लय हासिल कर पाते हैं। लेकिन उनकी गेंदबाजी की गति हमारे लिए बड़ी सकारात्मक बात रही। अगले कुछ मैचों में लय में आ जाएंगे। सूर्यकुमार यादव की आतिशी पारी के बारे में मुंबई के कप्तान ने कहा, हमें मालूम था कि सूर्यकुमार क्या कर सकते है और उनके बल्ले से ऐसी पारी आनी ही थी। हमें बस उसका इंतजार था।

यशस्वी की तारीफ में पढ़े कसीदे

घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलने वाले शतकवीर यशस्वी जायसवाल की तारीफ करते हुए रोहित ने कहा, मैंने उसे पिछले साल भी खेलते देखा था लेकिन इस बार वो अपने खेल को एक अलग स्तर पर लेकर गया है। मैंने उससे पूछा था कि इतने बड़े छक्के लगाने के लिए ताकत कहां से आती है। पिछले साल उसने इतने छक्के नहीं जड़े थे। तो उसने जवाब दिया कि मैं जिम जाता हूं। लेकिन ये उनके लिए अच्छा है। वो एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। घरेलू सीजन उनके लिए बहुत अच्छा रहा था और वो उस फॉर्म को आईपीएल में भी लेकर चल रहे हैं। मैं आशा करता हूं कि वो ऐसा ही प्रदर्शन करते रहेंगे। ये उनके सिए भारतीय क्रिकेट के लिए और राजस्थान रॉयल्स के लिए अच्छा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article