क्रिकेट

TATA IPl 2023: लखनऊ से हारने के बाद मुंबई के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने अपने गेंदबाजों को लेकर कह दी यह बात

  • Agency by: Agency
  • Updated May 17, 2023, 03:18 PM IST

TATA IPL 2023, MI Bowling Coach Shane Bond:लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने होम ग्राउंड पर मुंबई इंडियंस की टीम को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हराया था। इस हार के बाद मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड अपने गेंदबाजों को लेकर बड़ी बात कह दी।

Image

मुंबई और लखनऊ टीम के खिलाड़ी। (फोटो- IPL/BCCI)

TATA IPL 2023, MI Bowling Coach Shane Bond: मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आखिरी ओवरों में अधिक रन लुटाने पर गेंदबाजी इकाई पर निराशा जताते हुए कहा कि उनकी टीम बार-बार एक ही गलती को दोहरा रही है। मुंबई को मंगलवार को खेले गये मैच के आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन चाहिए थे, लेकिन चोट से वापसी कर रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने शानदार गेंदबाजी कर लखनऊ को पांच रन से जीत दिला दी।

लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम 17 ओवर में तीन विकेट पर 123 रन बनाकर रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी लेकिन मुंबई ने आखिरी तीन ओवरों में 54 रन लुटा दिए। इस दौरान क्रिस जॉर्डन के 18वें ओवर में 24 रन बने।

बॉन्ड ने मैच के बाद कहा, ‘मेरे लिए सबसे निराशाजनक बात यह है कि हम जिन योजनाओं के बारे में बात करते हैं, मैदान में उन पर टिके नहीं रहते है। मार्कस स्टोइनिस जैसे खिलाड़ियों के लिए हम इस विकेट पर क्या करना चाहते थे, इसे लेकर हम बहुत स्पष्ट थे। हमने उन्हें गेंदबाजी को लेकर योजना बनायी थी लेकिन इसके मुताबिक गेंदबाजी नहीं की।’

स्टोइनिस ने अपनी 47 गेंद की पारी में आठ छक्के जड़ नाबाद 89 रन बनाए। लखनऊ ने सातवें ओवर में 35 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। स्टोइनिस ने इसके बाद कप्तान क्रुणाल पंड्या (49 रन पर रिटायर हर्ट) के साथ चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की।

बॉन्ड ने कहा, ‘हम शुरुआती 15 ओवरों तक शानदार था। हम जैसा चाहते थे, हमने वैसी ही गेंदबाजी की थी। एक खिलाड़ी ने हम पर दबाव बना दिया। राशिद खान ने भी पिछले मैच में हमारे साथ ऐसा ही किया था। हालांकि, हम मैच नहीं हारे थे, लेकिन इस मैच को हार गए।’ आगे उन्होंने कहा, ‘आखिरी तीन ओवरों में 54 रन लुटाने को कही से भी सही नहीं कहा जा सकता है।’

End of Article