क्रिकेट

IPL 2023: मोहम्मद सिराज ने गिराई पंजाब किंग्स के खेमे में गाज, किया करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 20, 2023, 08:54 PM IST

मोहम्मद सिराज का आईपीएल 2023 में धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को सिराज ने पंजाब किंग्स के खिलाफ कहर बरपाते हुए अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता और पर्पल कैप पर भी कब्जा कर लिया।

Image

मोहम्मद सिराज( साभार IPL/BCCI)

Mohammad Siraj: विराट कोहली की कप्तानी में आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने 24 रन के अंतर से जीत दर्ज की। आरसीबी की जीत के हीरो तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज रहे। सिराज ने चार ओवर में 21 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पॉवरप्ले और स्लॉग ओवर दोनों में बेहतरीन गेंदबाजी की।

सिराज ने जीत के लिए 175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को पहला झटका सिराज ने पारी के पहले ओवर में दिया। अथर्व ताइडे को सिराज ने एलबीडब्लू कर दिया। इसके बाद उन्होंने लियाम लिविंगस्टोन को भी एलबीडब्लू करके दूसरा विकेट भी अपने नाम कर लिया। पहले स्पेल में उन्होंने अपने पहले स्पेल का अंत 2 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट के साथ किया।

किया आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

इसके बाद सिराज के हाथों में विराट कोहली ने 14वें ओवर में गेंद थमाई। जिसमें उन्होंने केवल 4 रन खर्च किए। इतके बाद 18वें ओवर में फिर से कहर बरपाया और ओवर की तीसरी गेंद पर हरप्रीत बरार की गिल्लियां बिखेर दीं। इसके बाद छठी गेंद पर नाथन एलिस को भी चलता कर दिया और अपने स्पेल का अंत 21 रन पर 4 विकेट के साथ किया। यह सिराज का मौजूदा सीजन और आईपीएल करियर का नया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। इससे पहले उन्होंने अपने डेब्यू सीजन में 32 रन देकर चार विकेट झटके थे। सिराज को इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पर्पल कैप पर किया कब्जा

मोहम्मद सिराज ने सीजन में अबतक खेले 6 मैच में कुल 12 विकेट चटकाकर पर्पल कैप पर कब्जा कर लिया है। छह मैच में एक बार भी उनकी झोली खाली नहीं रही है। वो अबतक खेले मैचों में (21/1, 44/3, 22/3, 23/2, 30/1 और 21/4) कम से कम एक और अधिकतम चार विकेट लेने में सफल रहे हैं। मौजूदा सीजन में सिराज ने पॉवरप्ले में कुल 84 गेंद फेंकी हैं जिसमें से 57 डॉट रही हैं। इससे आप उनकी शानदार गेंदबाजी का अंदाजा लगा सकते हैं।

सिराज का आईपीएल रिकॉर्ड

साल 2017 में आईपीएल में करियर की शुरुआत करने वाले सिराज ने अबतक खेल 71 मैच में 29.75 के औसत और 8.75 की इकोनॉमी के साथ 71 विकेट चटकाए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article