क्रिकेट

Sai Sudarshan: जानिए कौन हैं दिल्ली कैपिटल्स के छक्के छुड़ाने वाले साई सुदर्शन, पांड्या बोले ये भारत के लिए खेलेगा

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 5, 2023, 06:00 AM IST

Who is Sai Sudarshan, IPL 2023: कौन हैं आईपीएल 2023 के मैच में मंगलवार रात अपनी चमक बिखेरने वाले साई सुदर्शन। गुजरात टाइटंस के इस खिलाड़ी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेली और अपना पहला 'मैन ऑफ द मैच' अवॉर्ड भी जीता। हार्दिक पांड्या ने भी उनकी जमकर तारीफ की है। आइए जानते हैं कि कौन हैं साई सुदर्शन।

Image

साई सुदर्शन (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस की लगातार दूसरी जीत
  • दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से दी मात
  • युवा खिलाड़ी साई सुदर्शन बने मैच के स्टार

IPL 2023, Who is B Sai Sudarshan: आईपीएल 2023 में मंगलवार रात दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच एक रोमांचक टी20 मुकाबला देखने को मिला। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए सीजन के इस आठवें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने मेजबान दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। ये गुजरात टाइटंस की टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत साबित हुई। इस जीत के सबसे बड़े नायक बने बल्लेबाज बी साई सुदर्शन। आइए जानते हैं कि कौन है ये खिलाड़ी।

दिल्ली और गुजरात के बीच हुए इस मैच में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। दिल्ली ने पहले बैटिंग करते हुए 162 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस टीम ने शुरुआती तीन विकेट 54 रन के अंदर गंवा दिए थे, जिसमें उनके कप्तान हार्दिक पांड्या भी शामिल रहे जो 5 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए 21 साल के साई सुदर्शन पिच पर टिके रहे और 48 गेंदों में नाबाद 62 रनों की पारी खेल डाली जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने विजय शंकर (29) और बाद में डेविड मिलर (नाबाद 31) के साथ मिलकर अपनी टीम को 18.1 ओवर में जीत दिला दी।

मैच के बाद हार्दिक पांड्या ने कह दी बड़ी बात

शानदार जीत के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने साई सुदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए कहा, "वो शानदार बल्लेबाजी कर रहा है। उसने पिछले 15 दिनों में बल्लेबाजी का जितना अभ्यास किया है, जो भी नतीजा आप देख रहे हैं वो उसकी मेहनत ही है। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो आगे दो साल में वो फ्रेंचाइजी क्रिकेट के लिए कुछ बड़ा करेगा और फिर भारतीय क्रिकेट के लिए भी।"

कौन हैं साई सुदर्शन?

चेन्नई में 15 अक्टूबर 2001 में जन्मे साई सुदर्शन एक बाएं हाथ के बल्लेबाज व स्पिनर हैं। साल 2019-20 में वो एक टूर्नामेंट में 635 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने और चर्चा में आ गए। साल 2021-22 के घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने तमिलनाडु के लिए डेब्यू किया और फिर विजय हजारे ट्रॉफी में भी आगाज किया। फरवरी 2022 में गुजरात टाइटंस ने साई सुदर्शन को आईपीएल नीलामी में 20 लाख रुपये में खरीदा। फिर अप्रैल 2022 में विजय शंकर के चोटिल हो जाने के बाद उनको आईपीएल डेब्यू करने का मौका मिला था।

खून में है खेल

सुदर्शन जिस परिवार से आते हैं उसको देखकर कहना गलत नहीं होगा कि उनके खून में खेल है। उनके पिता एक एथलीट थे जिन्होंने दक्षिण एशियाई खेलों (ढाका) में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। जबकि मां स्टेट लेवल वॉलीबॉल खिलाड़ी रह चुकी हैं।
शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article