Nitish Rana ka bayan: नीतीश राणा की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स को गुरुवार को अपने ही घर पर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 9 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। नीतीश की कप्तानी वाली टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 149 रन बना सकी। इसके बाद जीत के लिए मिले 150 रन के लक्ष्य को राजस्थान ने 13.1 ओवर में 9 विकेट शेष रहते यशस्वी जायसवाल की 47 गेंद में नाबाद 98 और संजू सैमसन की 29 गेंद में नाबाद 48 रन की पारियों की बदौलत हासिल कर लिया।
आज यशस्वी का था दिन,सबकुछ उसके हक में गया
राजस्थान के खिलाफ करारी हार के बावजूद केकेआर के कप्तान नीतीश राणा ने 21 वर्षाय यशस्वी जायसवाल की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा, जिस अंदाज में यशस्वी ने रन बनाए उनकी तारीफ होना जरूरी भी है। मुझे लगता है कि आपके करियर में एक दिन ऐसा आता ही है आप जो करना चाहते हो वो होता है। उनमें से एक दिन था आज यशस्वी का।
180 रन का स्कोर होता इस पिच पर जीत के लिए पर्याप्त
पहले बल्लेबाजी करते हुए बनाए 149 रन के स्कोर को पर्याप्त नही बताते हुए नीतीश ने कहा, मेरे हिसाब से इस पिच पर 180 रन के आसपास बनना चाहिए थे जो कि प्रतिस्पर्धी होते। टॉस के वक्त भी मैंने कहा था कि यहां 170-180 रन अच्छे होंगे। हमने बैटिंग के दौरान बहुत सारी गलतियां की हैं उसकी वजह से ही हमें आज दो अंक गंवाए हैं।
इसलिए पहले ओवर में नीतीश ने की थी गेंदबाजी
गेंदबाजी में गेंदबाजी की शुरुआत नीतीश ने क्यों की इसके जवाब में उन्होंने कहा, हमारी सोच ऐसा करने के पीछे यही थी कि वो जब से बैटिंग कर रहा है वो पूरे टूर्नामेंट में अच्छी रही है। मैंने सोचा था कि अगर उसके सामने कोई पार्टटाइम गेंदबाज आता है तो कुछ हो सकता है। मैं खुद को पार्ट टाइम बॉलर तो नहीं कहूंगा लेकिन बहुत सारी चीजें जब आपके फेवर में नहीं जाती है तो दुनिया बहुत सारी चीजें कहती है आपको। उससे कोई फर्क नहीं पड़ता लेकिन ये हमारे प्लान में था। लेकिन मैं क्रेडिट यशस्वी को देना चाहूंगा उसने पहली गेंद से शुरुआत की और आज उसका दिन था तो सबकुछ उसके हक में गया।
पहले ओवर में नीतीश ने लुटाए 26 रन
पारी के पहले ओवर में नीतीश के पहले ओवर में यशस्वी जायसवाल ने 6 गेंद में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से कुल 26 ( 6,6,44,2 4) रन बटोर लिए। यह आईपीएल के पहले ओवर में किसी खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन का नया रिकॉर्ड है। इस ओवर ने मैच का रुख पूरी तरह राजस्थान के पक्ष में कर दिया।
