केकेआर की घर वापसी इससे अच्छी नहीं हो सकती थी। इडेन गार्डन्स पर खेले गए अपने दूसरे मुकाबले में उसने स्टार बल्लेबाजों से सजी आरसीबी की टीम को 81 रन से हरा दिया। आरसीबी के सामने जीत के लिए 205 रन का विशाल लक्ष्य था, लेकिन टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 17.4 ओवर में 123 रन बनाकर ढेर हो गई। कोलकाता की तरफ से मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 4 जबकि युवा सुयश शर्मा ने 3 विकेट चटकाए। इसके अलावा सुनील नरेन ने 2 खिलाड़ियों को आउट किया। आरसीबी की तरफ से सर्वाधिक 23 रन की पारी फाफ डुप्लेसी ने खेली। उनके अलावा विराट कोहली ने 21 और डेविड विली ने 20 रन बनाए।
शार्दुल और रिंकु की तारीफ की
गुरबाज़ ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी की और शार्दुल के बारे में जितना कहा जाए, उतना ही कम है। रिंकू ने भी उनका जबरदस्त साथ दिया। यही हमारे रणनीति थी कि रिंकू उनका साथ दें और शार्दुल ने हाथ खोले। हमने शुरुआती झटकों के बाद अच्छी वापसी की।
सुयश शर्मा के फैन हुए नितीश
कप्तान नितीश राणा ने युवा गेंदबाज सुयश शर्मा की खुब तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुयश दिल्ली का है लेकिन मैं उसे कभी मिला नहीं था, वह बहुत फ़नी कैरेक्टर है और बहुत बोलता है। आज तो उसने कमाल कर दिया। सुयश शर्मा ने 4 ओवर की गेंदबाजी में 30 रन खर्चे और 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने शार्दुल ठाकुर के 29 गेंद में 68 और रिंकु सिंह के 33 गेंद में 46 रन की पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 204 रन बनाए। शार्दुल और रिंकु सिंह के अलावा रहमानुल्लाह गुरबाज ने 44 गेंद में 57 रन की पारी खेली।
