आईपीएल के 57वें मुकाबले में फैंस को सबसे बेहतरीन टी20 क्रिकेट देखने का मौका मिला। इस मैच में न केवल सूर्यकुमार यादव की करिश्माई पारी देखने को मिली बल्कि राशिद खान की विस्फोटक पारी ने भी सबका मन मोह लिया। 219 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम एक वक्त केवल 55 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन 9वें विकेट के लिए राशिद ने अल्जारी जोसेफ के साथ मिलकर अटूट 88 रन की साझेदारी की।
राशिद खान ने 32 गेंद पर 3 चौके और 10 छक्के की मदद से 79 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन अपने टीम को जीत नहीं दिला पाए। गुजरात 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रन ही बना सकी और मुंबई ने 27 रन से मुकाबला जीत लिया।
इससे पहले सूर्यकुमार की 49 गेंद में 103 रन की विस्फोटक पारी की बदौलत मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। सूर्या ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अपने आईपीएल करियर का पहला शतक पूरा किया। इस पारी के साथ ही वह इस सीजन मुंबई इंडियंस की तरफ से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
हार के बाद गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने राशिद खान की खूब तारीफ की। इसके अलावा हार्दिक ने बताया कि मुंबई की टीम ने 25 रन ज्यादा बनाए।
सूर्यकुमार की तारीफ करते हुए हार्दिक ने उन्हें टी20 क्रिकेट का बेस्ट बल्लेबाज बताया। उन्होंने कहा कि हमारे गेंदबाजों ने योजना के अनुसार गेंदबाजी नहीं की। 5 विकेट लेने के बाद भी आखिरी 10 ओवर में मुंबई ने 129 रन बनाए। हममें एक्जीक्यूशन की बहुत कमी थी, जो हमारी हार का कारण बना। हर कोई जानता है कि यहां कुछ अपने से नहीं होता है करना पड़ता है।
