क्रिकेट

IPL 2023: विराट और डुप्लेसी को लगातार चुनौती दे रहा है CSK का ये बल्लेबाज, जड़ा 5वां पचासा

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Apr 30, 2023, 06:05 PM IST

IPL 2023: डेवॉन कॉनवे का आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने पंजाब के खिलाफ शानदार 92 रन की पारी खेली और अपनी टीम को 200 रन तक पहुंचा दिया। अब वह रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनकी यह पारी पंजाब के खिलाफ आई।

Image

डेवॉन कॉनवे, बल्लेबाज चेन्नई सुपर किंग्स

Photo : Twitter

चेन्नई के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे का शानदार प्रदर्शन जारी है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में वह भले ही शतक पूरा नहीं कर पाए लेकिन उन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से चेन्नई को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। कॉनवे ने 176.92 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए केवल 52 गेंद में 92 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 16 चौके और 1 छक्का लगाया। यह उनके आईपीएल करियर का 8वां और इस सीजन का 5वां अर्धशतक है। इस सीजन अर्धशतक लगाने के मामले में उन्होंने फाफ डुप्लेसी और विराट कोहली की बराबरी कर ली है।

ऑरेंज कैप की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंचे

92 रन की इस शानदार पारी के दम पर डेवॉन कॉनवे ने ऑरेंज कैप की सूची में दूसरे स्थान पर जगह बना ली है और अब वह फाफ डुप्लेसी से केवल 9 रन पीछे हैं। कॉनवे ने आईपीएल 2023 में 9 मैच की 9 इनिंग में 59.00 की औसत और 144.41 स्ट्राइक रेट से 413 रन बना लिए हैं। इस सूची में 422 रन के साथ फाफ डुप्लेसी नंबर वन पर बने हुए हैं। कॉनवे का इस सीजन यह 5वां अर्धशतक है।

डेवॉन कॉनवे के ओवरऑल आईपीएल करियर की बात करें तो 16 मैच में उनके नाम 666 रन हो गए हैं। उन्होंने यह रन 51.23 की औसत और 144.78 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।

कॉनवे की पारी के दम पर चेन्नई ने पंजाब के सामने 201 रन का सम्मानजनक लक्ष्य रखा है। कॉनवे के अलावा रुतुराज गायकवाड़ ने 31 गेंद में 37 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए चेन्नई को 86 रन की शानदार शुरुआत दी। चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी ने एकबार फिर आखिरी दो गेंद पर 2 छक्के लगाए और टीम का स्कोर 200 रन तक पहुंचा दिया।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article