चेन्नई: मुंबई इंडियन्स की ओर से खेल रहे उत्तराखंड के लाल आकाश मढ़वाल ने अपनी शानदार गेंदबाजी के बल पर लखनऊ का एक बार फिर आईपीएल खिताब का सपना तोड़ दिया। मढ़वाल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ कहर बरपाते हुए 3.3 ओवर में 5 रन देकर 5 विकेट झटके और आईपीएल इतिहास में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के अनिल कुंबले के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
नॉकआउट दौर में दुनिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
अनिल कुंबले ने भी 5 रन देकर 5 विकेट लिए थे। कुंबले ने साल 2009 में केपटाउन में ये कारनामा किया था। 15 साल लंबे अंतराल के बाद कोई खिलाड़ी कुंबले की बराबरी करने में सफल हुआ है। मढ़वाल का एलिमिनेटर मुकाबले में प्रदर्शन दुनिया की किसी भी टी20 लीग में नॉकआउट दौर में किया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। इस उपलब्धि से उनके प्रदर्शन में चार चांद लग गए हैं।
मार्कवुड को छोड़ा पीछे, आईपीएल 2023 का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
मढ़वाल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड के भी आईपीएल 2023 में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मार्कवुड ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 रन देकर 5 विकेट चटकाए थे। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 30 रन देकर 5 विकेट चटकाए हैं।
5 रन देकर मढ़वाल ने चटकाए 5 विकेट
जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर जैसे धाकड़ गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में आकाश मढ़वाल ने मोर्चा संभालते हुए शानदार गेंदबाजी की है। वो लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मुंबई के लिए करो या मरो के मुकाबले में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक समय जीत की ओर बढ़ रही लखनऊ की टीम की रीढ़ तोड़ दी। लखनऊ के 10 में से 7 विकेट खिलाड़ियों के खाते में गए वहीं मुंबई के 3 खिलाड़ी रन आउट हुए। 7 में से 5 विकेट मढ़वाल के खाते में गए।
करो या मरो के मुकाबले में चटकाए 9 विकेट
आकाश मढ़वाल को सीजन में 7 मैच खेलने का मौका मिला इस दौरान 7 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 12.84 के औसत और 7.76 की इकोनॉमी के साथ कुल 13 विकेट चटकाए हैं। 5 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके अलावा पिछले मुकाबले में उन्होंने आखिरी लीग मुकाबले में 37 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे। दोनों ही मुकाबले मुंबई के लिए करो या मरो के रहे है और 9 विकेट चटकाकर मढ़वाल हीरो रहे। पिछले मुकाबले में कैमरन ग्रीन का शतक उनके प्रदर्शन पर भारी पड़ गया नहीं तो लगातार दो प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड उनके खाते में गए होते।
