क्रिकेट

IND vs PAK Final, Head to Head: एशिया कप फाइनल में भारत-पाकिस्तान का हो रहा है सामना, जानिए किसका पलड़ा है भारी

भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के फाइनल में भिड़ंत होने जा रही है। टूर्नामेंट में दो बार दोनों टीमों का आमना सामना हो चुका है। टीम इंडिया ने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की और अब उसकी नजर जीत ही हैट्रिक के साथ खिताब अपने नाम करने पर है। आइए जानते हैं किस टीम का पलड़ा है आंकड़ों में भारी और दुबई में चलता है किसका सिक्का?

Image

एशिया कप 2025, भारत बनाम पाकिस्तान, हेड टू हेड मैच प्रीव्यू

India vs Pakistan Head To head: भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 के फाइनल में खिताबी भिड़ंत होने जा रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया शानदार फॉर्म में है और लगातार 6 मैच जीतकर फाइनल में पहुंची है। वहीं पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंचने के सफर में 6 में से 4 मैच में जीत हासिल कर सकी। पाकिस्तान की टीम का फाइनस से पहले दो बार टीम इंडिया से सामना हुआ और दोनों ही बार उसे मुंह की खानी पड़ी। भारतीय टीम के खिलाड़ी शानदार फॉर्म में है और शानदार प्रदर्शन के साथ टीम विजयरथ पर सवार है। भारतीय टीम ने मौजूदा एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ दो मैच में से 2 में जीत दर्ज करके 2-0 की बढ़त बना चुकी है। ऐसे में टीम इंडिया की नजर जीत की हैट्रिक पूरी करने के साथ-साथ खिताब अपने नाम करने पर है। वहीं पाकिस्तानी टीम फाइनल में जीत दर्ज करके पिछले दो मैच में मिली हार का हिसाब चुकता करने की फिराक में हैं। ऐसे में आइए जानते हैं दोनों टीमों के बीच अबतक टी20 क्रिकेट में कैसी रही है भिड़ंत और आंकड़ों में किसका पलड़ा है भारी?

ऐसी रही है दोनों टीमों के बीच भिड़ंत

आज होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच से पहले दोनों टीमों के ट्रैक रिकॉर्ड व आंकड़ों की बात कर लेते हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं। इनमें भारत ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच जीतने में सफल हो पाई है। टी20 फॉर्मेट में होने वाले एशिया कप में दोनों के बीच 5 मैच हुए हैं, जिनमें से 4 मैच भारत ने अपने नाम किए हैं। जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक मैच जीत सका है।

दुबई में भी टीम इंडिया का पलड़ा हुआ भारी

दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों का आमना-सामना 5 बार हुआ है जिसमें से दो मैचों में पाकिस्तान और तीन मैच में टीम इंडिया जीतने में सफल रही है, इसमें मौजूदा एशिया कप की ग्रुप और सुपर फोर राउंड के मैच भी शामिल है। एशिया कप 2025 के आगाज से पहले दुबई में पाकिस्तान का पलड़ा भारत के खिलाफ भारी था लेकिन दो मैच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह उलट गई है।

ग्रुप और सुपर फोर राउंड के मुकाबलों का ऐसा रहा हाल

इससे पहले जब टीम इंडिया और पाकिस्तान क्रिकेट टीम की एशिया कप 2025 के ग्रुप और सुपर फोर राउंड में भिड़ी थीं तब भारत ने ग्रुप दौर के मुकाबले में पाकिस्तान को 25 गेंदें बाकी रहते 7 विकेट से मात दी थी। इसके बाद सुपर फोर राउंड में हुए मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। ग्रुप स्टेज के मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी थी। जवाब में भारत ने आसानी से 15.5 ओवर में सिर्फ 3 विकेट गंवाते हुए लक्ष्य हासिल करके सात विकेट से जीत दर्ज कर ली थी। इसके बाद सुपर फोर राउंड के मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 171 रन का स्कोर खड़ा किया था। भारतीय टीम ने इसके बाद विजयी लक्ष्य को 18.5 ओवर में 6 विकेट रहते हासिल कर लिया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article