क्रिकेट

अपने ही देश में मेहमान बनकर खेलेगी भारतीय क्रिकेट टीम, जानिए कौन सी टीम करेगी मेजबानी

IND vs AFG T20 Series: अफगानिस्तान के लिए यह ऐतिहासिक पल होगा जब वह भारत जैसी बड़ी टीम की अपने घर में मेजबानी करेगा, भले ही वह ‘घर’ भारत में ही क्यों न हो। हालांकि BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है।

Image

भारतीय टीम अपने ही घर में हो सकती है मेहमान (फोटो साभार- BCCI)

IND vs AFG T20 Series: भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर में अपने ही घर में मेहमान की भूमिका में नजर आएगी। अफगानिस्तान पहली बार भारत की धरती पर टीम इंडिया के खिलाफ घरेलू सीरीज की मेजबानी करेगा। दोनों देशों के बीच तीन मैचों की T20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाने की संभावना है। हालांकि BCCI और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अभी आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया है।

पहली बार भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज

अफगानिस्तान सुरक्षा कारणों से लंबे समय से अपने घरेलू मैच भारत में खेलता आ रहा है। ग्रेटर नोएडा, देहरादून और लखनऊ उसके ‘होम वेन्यू’ रह चुके हैं। लेकिन अब तक उसने कभी भारत के खिलाफ अपनी घरेलू सीरीज नहीं खेली थी। इस बार अफगानिस्तान मेजबान होगा और भारत मेहमान बनकर उतरेगा। यह क्रिकेट इतिहास में अनोखा मौका होगा।

एशियन गेम्स से पहले तैयारी का मौका

भारतीय टीम का श्रीलंका दौरा 27 अगस्त को खत्म होगा। इसके करीब दो हफ्ते बाद अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज होगी। 24 सितंबर से जापान में एशियन गेम्स शुरू हो रहे हैं। ऐसे में यह सीरीज टीम इंडिया के लिए टूर्नामेंट से पहले लय हासिल करने का बढ़िया मौका होगी और युवा खिलाड़ियों को भी खुद को साबित करने का चांस मिलेगा।

    पिछली भिड़ंत में भारत का दबदबा

    बता दें कि अफगानिस्तान ने जून 2026 में भारत का दौरा किया था। तब भारत ने इकलौता टेस्ट पारी और 300 रन से जीता था। वनडे सीरीज में भी टीम इंडिया ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। लेकिन इस बार हालात अलग हैं। अफगानिस्तान मेजबान की भूमिका में होगा और वह घरेलू माहौल का फायदा उठाना चाहेगा।

    खराब फॉर्म से जूझ रही टीम इंडिया

    T20 वर्ल्ड चैंपियन होने के बावजूद भारत का हालिया प्रदर्शन चिंता बढ़ाने वाला है। जून में आयरलैंड से T20 सीरीज हारने के बाद इंग्लैंड ने भी भारत को 4-0 से हराया, एक मैच बारिश में धुल गया। वनडे सीरीज में भी इंग्लैंड 2-1 से जीता। फिलहाल टीम जिम्बाब्वे दौरे पर है और 1-0 से आगे है। अफगानिस्तान के खिलाफ यह सीरीज भारत के लिए आत्मविश्वास लौटाने का मौका है।

    Aditya Sahu
    आदित्य साहूauthor

    आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

    और पढ़ें
    End of Article