क्रिकेट

INDW vs NEDW: गलतियों से सबक लेते हुए पाकिस्तान के बाद अब नीदरलैंड्स के खिलाफ उतरेगी भारतीय महिला टीम

INDW vs NEDW: टी20 वर्ल्ड कप के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय महिला टीम का सामना नीदरलैंड्स से होगा। नीदरलैंड की टीम अपने पहले मैच में बांग्लादेश से हार गई थी। भारत के सामने चुनौती पेश करने के लिए उसे खेल के सभी विभागों में सुधार करना होगा।

Image

भारत और नीदरलैंड का मुकाबला (साभार-x)

INDW vs NEDW: पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में शानदार जीत से आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम बुधवार को यहां नीदरलैंड के खिलाफ होने वाले महिला टी20 विश्व कप के अपने दूसरे ग्रुप मैच में बल्लेबाजी में और बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में स्मृति मंधाना ने शुरुआत में और ऋचा घोष ने बाद में अच्छी बल्लेबाजी की थी जिससे भारत 64 रन से जीत हासिल करने में सफल रहा था। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और कप्तान हरमनप्रीत कौर सहित बाकी बल्लेबाज पहले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, जिनकी कोशिश बड़ी टीमों के खिलाफ मैच से पहले फॉर्म पाने की होगी।

भारती फुलमाली मध्य क्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन पहले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाई थी। भारत को टूर्नामेंट में आगे और भी कड़े मैच खेलने है और इसलिए बल्लेबाजी में निरंतरता बेहद महत्वपूर्ण है। भारत को नीदरलैंड से किसी तरह की खास चुनौती मिलने की संभावना नहीं है लेकिन उसे सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए लीग चरण में ऑस्ट्रेलिया या दक्षिण अफ्रीका में से किसी एक को हराना होगा।

पाकिस्तान के खिलाफ शुरू में फील्डिंग अच्छी नहीं थी, लेकिन पारी आगे बढ़ने के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने कुछ अच्छे कैच लिए। गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ कोई खास कमाल नहीं दिखा पाईं। लेकिन स्पिनरों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की स्पिन जोड़ी ने मिलकर आठ विकेट लिए। दीप्ति शर्मा ने चार ओवर में केवल 10 रन देकर पांच विकेट लिए और फॉर्म में वापसी की। भारत के लिए दीप्ति का फॉर्म में लौटना काफी महत्वपूर्ण था क्योंकि इससे पहले वह दो श्रृंखलाओं में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।

टाइम्सनाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- वैभव की लड़ाई में किसकी गलती, सामने आई सच्चाई

पहली जीत के तलाश में नीदरलैंड्स

नीदरलैंड की टीम अपने पहले मैच में बांग्लादेश से हार गई थी। भारत के सामने चुनौती पेश करने के लिए उसे खेल के सभी विभागों में सुधार करना होगा।

कप्तान बैबेट डी लीड ने शुरुआती मैच में हार के बाद कहा, ’’मुझे लगता है कि खेल के तीनों विभाग में हम वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए जैसी हमें उम्मीद थी। हम बल्लेबाजी में किसी भी समय लय में नहीं आ पाए। हमने कुछ ज्यादा ही विकेट गंवा दिए।’’

भारत और नीदरलैंड्स की टीम इस प्रकार हैं:

नीदरलैंड: बैबेट डी लीडे (कप्तान), कैरोलीन डी लैंग, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, हन्ना लैंडहीर, हीथर सीजर्स, आइरिस ज़विलिंग, इसाबेल वान डेर वोनिंग, लारा लीमहुइस, मायरथे वान डेन राड, फेबे मोल्केनबोअर, रॉबिन रिजके, रोजाली लॉरेंस, सान्या खुराना, सिल्वर सिल्वर, स्टेरेलिस।

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव।

मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article