क्रिकेट

IND W vs BAN W: भारत ने बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल की सीट तय की पक्की

IND W vs BAN W: भारतीय महिला टीम जीत के रथ पर सवार है। सुपर सिक्स के मुकाबले में उसने बांग्लादेश को 8 विकेट से हरा दिया। भारत की वैष्णवी शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। उन्होंने 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

Image

अंडर-19 आईसीसी वर्ल्ड कप भारत बनाम बांग्लादेश (साभार-BCCI)

IND W vs BAN W: मौजूदा चैंपियन भारत ने आईसीसी महिला अंडर 19 विश्व कप में अपना दबदबा जारी रखते हुए रविवार को यहां सुपर सिक्स चरण में बांग्लादेश को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। वैष्णवी शर्मा (15 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने बांग्लादेश को 20 ओवर में आठ विकेट पर महज 64 रन पर रोकने के बाद 7.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की। लेकिन भारतीय टीम को असली खुशखबरी तब मिली जब श्रीलंका और स्कॉटलैंड का मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और दोनों टीमों को प्वाइंट बांटना पड़ा। इसके बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सेमीफाइनल सीट पक्की हो गई है।

लक्ष्य का पीछा करते समय सलामी बल्लेबाज तृषा गोंगाडी ने 31 गेंद में आठ चौके की मदद से 40 रन की पारी खेल भारत की जीत पक्की कर दी। वह पावर प्ले में जब आउट हुई तक टीम को जीत के लिए सिर्फ पांच रन की जरूरत थी।

सानिका चालके (नाबाद 11) और कप्तान निकी प्रसाद (नाबाद पांच) ने इसके बाद संभल कर खेलते हुए टीम को 77 गेंद शेष रहते हुए आसान जीत दिला दी।

बांग्लादेश ने हालांकि शुरुआत से ही दबाव में रहने के बावजूद भारत के खिलाफ मौजूदा टूर्नामेंट में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने वेस्टइंडीज (44) और मलेशिया (31) को 50 रन से कम के स्कोर पर आउट करने के बाद श्रीलंका को नौ विकेट पर 58 रन पर रोक दिया था।

वीजे जोशिथा (छह रन पर एक विकेट) और शबनम शकील (सात रन पर एक विकेट) ने तेज गेंदबाजों की मददगार परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए कसी हुई गेंदबाजी की जिससे बांग्लादेश ने नौ रन पर तीन विकेट गंवा दिया। 22 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गयी। जन्नतुल माउआ (14) और कप्तान सुमैया अख्तर (नाबाद 21) ने इसके बाद छठे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी कर बांग्लादेश के स्कोर को 50 रन के पार पहुंचाया। इस साझेदारी को वैष्णवी ने माउआ को आउट कर तोड़ा।

इन दोनों के अलावा बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े में नहीं पहुंच पाया। भारत को तृषा की आक्रामक बल्लेबाजी से लक्ष्य का पीछा करने में कोई परेशानी नहीं हुई। भारतीय टीम सुपर सिक्स चरण के अपने अगले मैच में मंगलवार को स्कॉटलैंड का सामना करेगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article