टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम करने के बाद टीम इंडिया की नजर अब वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज पर है। 27 जुलाई से शुरू हो रहे इस वनडे सीरीज में कई युवा चेहरों को मौका मिला है। वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए इस फॉर्मेट में खुद को आजमाने का सबसे अच्छा विकल्प है। 3 मैच की यह वनडे सीरीज कई मायनों में बेहद खास है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी इस सीरीज में कुछ खास माइलस्टोन अपने नाम कर सकते हैं।
विराट 13,000 वनडे रन के करीब
टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी और शानदार फॉर्म में चल रहे विराट कोहली इस वनडे सीरीज में 13,000 रन का आंकड़ा छू सकते हैं। वह इस आंकड़े से केवल 102 रन की दूरी पर खड़े हैं। फिलहाल विराट के नाम 274 मैच की 264 इनिंग में 12,898 रन हैं। विराट के नाम 65 हाफ सेंचुरी और 46 सेंचुरी है।
वेंकटेश प्रसाद का रिकॉर्ड खतरे में
रवींद्र जडेजा वनडे क्रिकेट में 191 विकेट ले चुके हैं। वह 200 विकेट पूरा करने से केवल 8 विकेट दूर हैं। इसके अलावा वह पूर्व भारतीय गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। वेंकटेश प्रसाद ने वनडे क्रिकेट में 161 मैच में 196 विकेट हासिल किए हैं। जडेजा 174 मैच में 191 विकेट ले चुके हैं।
रोहित शर्मा 10,000 रन के करीब
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में 10,000 रन से केवल 175 रन की दूरी पर खड़े हैं। रोहित 2 मैच की टेस्ट सीरीज में 1 शतक और 1 अर्धशतक लगा चुके हैं और वह शानदार फॉर्म में हैं। फिलहाल रोहित के नाम 243 मैच की 236 इनिंग में 9,825 रन हैं। उन्होंने 30 शतक और 48 अर्धशतक लगाए हैं। इतना ही नहीं शतक लगाते ही रोहित, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग को इस मामले में पीछे छोड़ देंगे।
