क्रिकेट

IND vs SA 2nd Test: टेस्ट क्रिकेट मैप पर दर्ज होगा गुवाहाटी का नाम, बनेगा भारत का 30वां टेस्ट सेंटर

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो मैच की सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच शनिवार से गुवाहाटी के बरसापारा मैदान पर खेला जाएगा। गुवाहाटी भारत का 30वां टेस्ट सेंटर बनेगा।

Image

बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी

Photo : AP

गुवाहाटी: असम का सबसे बड़ा शहर गुवाहाटी शनिवार को देश के सबसे नये टेस्ट स्टेडियम के रूप में पदार्पण करेगा जब भारत का सामना दूसरे और आखिरी टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका से होगा। पूर्वोत्तर के एकमात्र क्रिकेट आयोजन स्थल गुवाहाटी को 'पूर्वोत्तर का द्वार' भी कहा जाता है । इस शहर में इस साल की शुरूआत में पहली बार आईसीसी विश्व कप के मैच खेले गए थे। बरसापारा स्टेडियम में पारपंरिक लाल गेंद के क्रिकेट के आयोजन को लेकर आयोजकों, प्रशंसकों, पत्रकारों और आम जनता में काफी रोमांच है।

असम के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर और बीसीसीआई सचिव देवाजीत सैकिया ने पीटीआई से कहा,'यह हमारे लिये ऐतिहासिक दिन होगा । टेस्ट वेन्यू के तौर पर पहचान मिलना हर क्रिकेटप्रेमी क्षेत्र का सपना होता है । यह कल पूरा होने जा रहा है। गुवाहाटी में 1983 से वनडे हो रहे हैं । विश्व कप मैच भी आईसीसी महिला विश्व कप के दौरान हुए । इतने साल में मैचों की सफल मेजबानी और आला दर्जे की सुविधाओं के कारण गुवाहाटी को यह गर्व का पल मिल सका।'

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच पहले नेहरू स्टेडियम में खेले जाते थे और एसीए ने 2017 में बरसापारा में केंद्र बनाया।मैच सुबह जल्दी सूर्योदय के कारण 9.30 की बजाय नौ बजे शुरू होंगे। इसमें लंच और चाय ब्रेक के समय भी बदले जायेंगे।' सत्तर और अस्सी के दशक में असम के लिये खेल चुके क्रिकेटर बिमल भराली ने कहा,'हमारे समय में तो यह सोच भी नहीं सकते थे कि गुवाहाटी में टेस्ट मैच होंगे। सुविधायें साधारण थी। अब यह देखकर अच्छा लग रहा है कि टी20 या वनडे ही नहीं, हमारे शहर में टेस्ट मैच भी हो रहे हैं।'

शहर के पत्रकार अब्दुल गनी ने कहा,'गुवाहाटी भारत का 30वां टेस्ट केंद्र बन गया है । खेल पत्रकार होने के नाते यह गर्व का पल है कि हम क्रिकेट के सबसे पुराने प्रारूप की लाइव रिर्पोर्टिंग कर सकेंगे।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article