India vs New Zealand 2nd T-20 Match: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भारत से दूसरा टी-20 मैच हारने के बाद न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर ने कहा कि वे लोग (कीवी टीम) इस रोमांचक मैच में जीत के काफी नजदीक तक पहुंच गए थे, मगर कुछ और रन होते तब शायद जीत उनके पक्ष में होती। मलाल जताते हुए उन्होंने संकेत दिया कि अगर 10-15 रन और बने होते तो शायद उनकी स्थिति कुछ और हो सकती थी।
रविवार (29 जनवरी, 2023) को मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन के दौरान कीवी टीम के कैप्टन ने कहा, "यह बढ़िया क्रिकेट मैच रहा। हमने अच्छी गेंदबाजी की। काफी करीब तक पहुंचे, पर हमने अगर 10-15 रन और बनाए होते तब उन रनों ने हमारी मदद की होती। गेंद काफी बाउंस (उछल रही थी) हो रही थी, इसलिए पिच काफी चुनौती भरी रही। आप जब बैटिंग करते हैं, तब आपको बहुत अधिक नहीं पता होता है कि क्या अच्छा स्कोर होता है। हम 140-160 रन सोच कर चल रहे थे, जबकि 120 भी बढ़िया स्कोर होता।"
दरअसल, भारत ने लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कम स्कोर वाले दूसरे टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। कीवी टीम के 100 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने विस्फोटक बैट्समैन सूर्यकुमार यादव (31 गेंद में नाबाद 26, एक चौका) की मैच की सर्वश्रेष्ठ पारी और कप्तान हार्दिक पंड्या (20 गेंद में नाबाद 15, एक चौका) के साथ उनकी पांचवें विकेट की 31 रन की अटूट साझेदारी से 19.5 ओवर में चार विकेट पर 101 रन बनाकर जीत दर्ज की।
सूर्या मैच में 20 रन के आंकड़े को छूने वाले एकमात्र बल्लेबाज रहे, जबकि गेंदबाजों के दबदबे का अंदाजा इस बात से लगता है कि भारतीय सरजमीं पर पहली बार किसी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान कोई छक्का नहीं लगा। पूरे मैच में सिर्फ 14 चौके लगे जिसमें से आठ भारतीय बल्लेबाजों ने जबकि छह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने लगाए। मैच में स्पिनरों ने 30 ओवर डाले जो इस फॉर्मैट में नया विश्व रिकॉर्ड है।
टीम इंडिया के स्पिनर्स युजवेंद्र चहल (चार रन पर एक विकेट), दीपक हुड्डा (17 रन पर एक विकेट), वाशिंगटन सुंदर (17 रन पर एक विकेट) और कुलदीप यादव (17 रन पर एक विकेट) ने मिलकर 13 ओवर में 55 रन पर चार विकेट चटकाए जिससे न्यूजीलैंड की टीम आठ विकेट पर 99 रन ही बना सकी जो इस प्रारूप में टीम इंडिया के खिलाफ उसका सबसे कम स्कोर है। अर्शदीप सिंह (सात रन पर दो विकेट) ने भी दो विकेट चटकाए।
