India Full Squad For Asia Cup 2025: दुनिया भर में मौजूद करोड़ों भारतीय क्रिकेट फैंस को जिस पल का इंतजार था, आखिर वो आ गया। एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टी20 टीम (Indian T20 Team For Asia Cup 2025) का ऐलान कर दिया गया है। बीसीसीआई (BCCI) की सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति ने टीम का चयन किया और उसके बाद भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकमार यादव (Suryakumar Yadav) के साथ मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) ने मीडिया से मुखातिब होते हुए टीम का ऐलान किया। टूर्नामेंट का आयोजन यूएई में 9 सितंबर से होना है।
एशिया कप का आयोजन इस बार टी20 फॉर्मेट में होने वाला है इसलिए रोहित शर्मा, विराट कोहली या रविंद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी फैंस को देखने को नहीं मिलेंगे क्योंकि वे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं। चयनकर्ताओं ने अनुभवी और युवा मिश्रण वाली भारतीय एशिया कप टीम का ऐलान किया है। आइए जानते हैं कौन से खिलाड़ियों को इस टीम में जगह मिली है।
एशिया कप 2025 के लिए ये हैं भारतीय टी20 टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा और रिंकू सिंह।
कब से शुरू होगा एशिया कप 2025? (Asia Cup 2025 Start Date)
एशिया कप 2025 का आगाज 9 सितंबर 2025 को होगा। टूर्नामेंट में 8 टीमों के बीच 19 मैच खेले जाएंगे और उसके बाद फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को आयोजित होगा।
कहां खेला जा रहा है एशिया कप 2025? (Where Will Asia Cup 2025 Be Played)
एशिया कप 2025 का आयोजन इस बार संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होने जा रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद व तनाव के कारण काफी मशक्कत के बाद टूर्नामेंट कराने पर मुहर लग सकी और फिर तय हुआ कि टूर्नामेंट न्यूट्रल वेन्यू पर खेला जाएगा।
कब होगा भारत-पाकिस्तान मैच? (When Will India vs Pakistan Asia Cup Match Be Played)
एशिया कप में फैंस को हमेशा से टूर्नामेंट की दो सबसे बड़ी टीमों भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाली टक्कर का इंतजार रहता है। इन दोनों टीमों के बीच 14 सितंबर को मुकाबला खेला जाएगा। अगर दोनों टूर्नामेंट में आगे बढ़ते रहे तो मुमकिन है कि दो या तीन बार भी ये दोनों टीमें आमने-सामने आ सकती हैं।
कौन-कौन सी टीमें खेल रही हैं एशिया कप 2025? (Which Countries Are Playing In Asia Cup 2025)
एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में इस बार 8 टीमें हिस्सा लेंगी। ये टीमें हैं भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ओमान, हांगकांग और मेजबान टीम यूएई।
