क्रिकेट

India Squad For West Indies Series: वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान, ये खिलाड़ी देंगे चुनौती

India Squad For Test Series Against West Indies: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत दौरे पर आ चुकी है। दोनों टीमों के बीच 2 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। इस दो मैचों की सीरीज के लिए अजीत अगरकर की अध्यक्ष्ता वाली बीसीसीआई की सीनियर चयन समिति ने भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। यहां देखिए सभी खिलाड़ियों के नाम।

Image

भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान (Instagram/ShubmanGill)

Team India Selection For IND vs WI Test Series 2025: मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर (Ajit Agarkar) की अध्यक्ष्ता वाली बीसीसीआई की सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति ने आज भारत और वेस्टइंडीज (India vs West Indies) के बीच शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए आज 15 सदस्यीय भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। शुभमन गिल (Shubman Gill) की अगुवाई में टीम इंडिया मेहमान वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 2 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज खेलेगी।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच 2 अक्टूबर से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा। इसके बाद टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 10 अक्टूबर से खेला जाएगा। एशिया कप खत्म होने के बाद टेस्ट टीम में चुने गए खिलाड़ी भारतीय टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। एशिया कप 2025 का फाइनल 28 सितंबर को खेला जाना है जिसमें टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी खेल रहे हैं।

भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के लिए ये है भारतीय टेस्ट टीम

भारतीय टेस्ट टीमः शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडीक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा (उपकप्तान), वॉशिंग्टन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, एन जगदीशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव।

इंडिया और वेस्टइंडीज के आंकड़े (IND vs WI Head To Head Stats)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 100 मैच खेले जा चुके हैं। इनमें वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा है, जिन्होंने भारत को 30 टेस्ट मैचों में शिकस्त दी है। जबकि भारत ने 23 मैचों में वेस्टइंडीज को हराया है। जबकि 47 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। भारतीय जमीन पर इन दोनों टीमों के बीच खेले गए 47 टेस्ट मैचों में 14 मुकाबले वेस्टइंडीज ने जीते हैं, जबकि 13 मैच टीम इंडिया ने जीते हैं और 20 मैच ड्रॉ रहे हैं।

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी टेस्ट सीरीज

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली ये दो मैचों की टेस्ट सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाएगी। भारत ने इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज खेली थी, जहां उन्होंने सीरीज ड्रॉ कराने में सफलता हासिल की थी। भारत ने उस सीरीज में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था जिसमें शुभमन गिल पहली बार टेस्ट कप्तान के रूप में मौजूद थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article