क्रिकेट

T20 World Cup 2026: IND vs ZIM मैच से पहले करोड़ों भारतीय मांगेंगे दक्षिण अफ्रीका की जीत की दुआ, जान लें कारण

T20 World Cup 2026: गुरुवार को दो मुकाबले होने हैं। पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा जबकि दूसरा मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। भारत को जीत के साथ-साथ वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका मैच पर ध्यान रखना होगा।

Image

भारत बनाम साउथ अफ्रीका (साभार-X)

T20 World Cup 2026: साउथ अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया की बड़ी हार ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दी। सुपर-8 के अपने पहले ही मुकाबले में 76 रन से मिली हार ने टीम इंडिया के ट्रॉफी जीतने के सपने को डेंट लगा दिया। अब सूर्या एंड कंपनी को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भी दूसरे मैच के परिणाम पर निर्भर रहना होगा। यह तब होगा जब भारत अपने बाकी बचे दो मैच जीत लेगी। सुपर-8 में भारत अपना दूसरा मुकाबला जिम्बाब्वे के खिलाफ जबकि तीसरा और अंतिम मुकाबला एक मार्च को वेस्टइंडीज से खेलेगा।

प्वाइंट्स टेबल में भारत की स्थिति

ग्रुप वन के मौजूदा हालात की बात करें तो फिलहाल वेस्टइंडीज की टीम +5.350 नेट रन रेट के साथ टॉप पर है। नंबर दो पर दक्षिण अफ्रीका की टीम है जो भारत के खिलाफ 76 रन की जीत के बाद +3.800 नेट रन रेट के साथ नंबर दो पर है। टीम इंडिया -3.800 नेट रन रेट के साथ तीसरे पायदान पर है। ऐसी स्थिति में अगर टीम इंडिया बाकी बचे दो मैच जीत भी लेती है, तब भी वह सेमीफाइनल में अपनी जगह नहीं बना पाएगी। नेट रन रेट में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज को नहीं पकड़ पाएगी।

गुरुवार को होंगे डबल हेडर

गुरुवार को सुपर-8 के दो मुकाबले खेले जाएंगे। इस दिन को D-Day कहा जा रहा है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि बहुत हद तक कल डिसाइड हो जाएगा कि ग्रुप वन से दो समीफाइनलिस्ट टीम कौन होगी। भारत-जिम्बाब्वे मैच से ज्यादा अहम टीम इंडिया के लिए दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज का मैच है। इस मुकाबले के परिणाम पर टीम इंडिया का भविष्य निर्भर करेगा, यही कारण है कि गुरुवार को पूरा देश दक्षिण अफ्रीका की जीत की दुआएं मांगेगा।

क्यों दक्षिण अफ्रीका की जीत है जरूरी

दक्षिण अफ्रीका को अपना तीसरा मुकाबला जिम्बाब्वे से खेलेगी। इस मुकाबले को जीतने में दक्षिण अफ्रीका को कोई खास परेशानी नहीं होने वाली है। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका अगर कल के मैच में वेस्टइंडीज को हरा देती है तो भारत के पास अपने आखिरी दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचने का सुनहरा मौका है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो 3 टीम 4 अंकों पर खत्म करेगी और ऐसे में टीम इंडिया नेट रन रेट में कोसों दूर हो जाएगी। यही कारण है कि भारत के करोड़ों फैंस कल दक्षिण अफ्रीका की जीत की दुआएं मांगेंगे।

गुरुवार को होंगे दो मुकाबले

पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा जो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला दोपहर 3 बजे होगा जबकि इसका टॉस आधा घंटा पहले यानी 2.30 बजे होगा। दूसरा मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article