क्रिकेट

Ind Vs Pak Match Records Head to Head: भारत और पाकिस्तान का एक दूसरे के खिलाफ कैसा है ODI में रिकॉर्ड, जानिए किसका पलड़ा रहा है चैंपियंस ट्रॉफी में भारी

India vs Pakistan Total ODI Match Record: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पांचवे मुकाबले में भिड़ंत होने जा रही है। ये महामुकाबला दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आईए जानते हैं कैसा है दोनों टीमों का एक दूसरे के खिलाफ वनडे क्रिकेट में हार जीत(India vs Pakistan Head to Head) का रिकॉर्ड?

Image

भारत बनाम पाकिस्तान हेड टू हेड रिकॉर्ड

Photo : AP

India vs Pakistan Match ICC Champions Trophy 2025: क्रिकेट के मौजूदा दौर के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान एक बार फिर आईसीसी टूर्नामेंट में एक दूसरे से भिड़ने के लिए तैयार हैं। पाकिस्तान की मेजबानी में आयोजित हो रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के ग्रुप-ए के तीसरे और टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में दोनों का आमना सामना 23 फरवरी, 2025 को दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। 9 जून, 2024 को टी20 विश्व कप 2024 के दौरान दोनों का आमना सामना हुआ था। न्यूयॉर्क में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के बल पर 120 रन के लक्ष्य का बचाव किया था और पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली थी। भारतीय टीम उस मैच में महज 6 रन के अंतर से विजयी हुई थी। पाकिस्तान 20 ओवर में 7 विकेट पर जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के सामने केवल 113 रन बना सका था। ऐसे में 8 महीने बाद जब ये दो टीमें एक दूसरे के सामने होंगी तो टी20 विश्व कप वाले रोमांच का लुत्फ मैच के दौरान प्रशंसक उठाना चाहेंगे।

अहमदाबाद में हुई थी आखिरी बार भिड़ंत

वनडे क्रिकेट में दोनों टीमें एक दूसरे से साल 2023 के विश्व कप के दौरान अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ी थी। उस मुकाबले को भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 191 रन पर ढेर कर दिया था और 192 रन के विजयी लक्ष्य को 30.3 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह हार जीत का अंतर साबित हुए थे। 19 रन खर्च करके उन्होंने 2 विकेट चटकाए थे और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए पिछले दो अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में जसप्रीत बुमराह के सिर पर जीत का सेहरा बंधा था। ऐसे में भारतीय टीम को उनकी कमी निश्चित तौर पर खलेगी।

ऐसी रही है दोनों के बीच अबतक भिड़ंत (IND vs PAK Head to Head in ODIs)

भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे क्रिकेट में अबतक कुल 135 मैच खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया 57 और पाकिस्तान 73 मैच में जीत हासिल करने में सफल रहा है। पांच मैच का कोई परिणाम नहीं निकला। दोनों के बीच वनडे फॉर्मेट में कोई मैच टाई नहीं हुआ है।

पिछले 8 साल में भारत रहा है पाकिस्तान के खिलाफ अजेय

भले ही इन आंकड़ों में पाकिस्तान का पलड़ा भारी दिख रहा हो लेकिन मौजूदा दौर की हकीकत बिलकुल उलट है। साल 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के बाद पाकिस्तान भारत से पिछले 8 साल में एक भी एकदिवसीय मुकाबला नहीं जीत सकी है। इसके बाद से 6 बार दोनों का ODI आमना सामना हुआ है और हर बार बाजी टीम इंडिया के हाथ लगी है।

दुबई में है टीम इंडिया का 2-0 का रिकॉर्ड (India vs Pakistan ODI Head to Head at Dubai)

दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच आखिरी बार भिड़ंत साल 2021 के टी20 वर्ल्ड कप के दौरान हुई थी। उस मुकाबले में टीम इंडिया को 10 विकेट के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच ने भारतीय टीम का अभियान ग्रुप राउंड में ही खत्म कर दिया था। अगर वनडे फॉर्मेट की बात करें तो दुबई में भारत पाकिस्तान की टीम आखिरी बार दुबई में साल 2018 में एशिया कप के दौरान दो बार भिड़े थे। दोनों ही मैच में पाकिस्तान को हार का मुंह देखना पड़ा था।

आईसीसी इवेंट्स में भारत बनाम पाकिस्तान रिकॉर्ड (India vs Pakistan Head to Head in ICC Tournaments)

भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी इवेंट्स में पहली बार भिड़ंत साल 1992 के विश्व कप के दौरान हुई थी। उसके बाद से साल 2024 में आयोजित टी20 विश्व कप के न्यूयॉर्क में खेले गए मुकाबले तक दोनों के बीच कुल 21 मुकाबले खेले गए हैं जिसमें से भारतीय टीम 17 और पाकिस्तान चार मैच जीत सका है। वनडे और टी20 वर्ल्ड कप में भारत 8-0 और 7-1 से आगे हैं। लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को 2-3 की बढ़त हासिल है। चैंपियंस ट्रॉफी एकलौती आईसीसी स्पर्धा है जिसमें पाकिस्तान भारत के खिलाफ एक से ज्यादा मैच जीतने में सफल रहा है। ऐसे में दुबई में होने वाला मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए आसान नहीं होने वाला है। लेकिन मौजूदा फॉर्म भारतीय टीम को फेवरेट बता रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article