क्रिकेट

IND vs AUS: पांचवें दिन के खेल से पहले सुनील गावस्कर ने की भविष्वाणी, बताया कौन जीतेगा बॉक्सिंग डे टेस्ट

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भविष्यवाणी करते हुए बताया है कि मैच के पांचवें दिन कौन सी टीम जीतेगी मैच?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

मेलबर्न: पूर्व महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के निचले क्रम को अहम रन जोड़ने का मौका देकर पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे टेस्ट मैच को जीतने की अपनी संभावनाओं को कम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने एक समय 156 रन पर आठ विकेट गंवा दिये थे लेकिन टीम ने बॉक्सिंग डे टेस्ट के चौथे दिन का समापन नौ विकेट पर 228 रन पर किया। टीम की कुल बढ़त 333 रन की हो गयी है। इससे यह मैच दिलचस्प हो गया है।

भारत ने गंवा दिया जीत का मौका

गावस्कर ने ‘इंडिया टुडे’ कहा,'मुझे लगता है कि भारत ने मौका गंवा दिया। चाय के विश्राम तक निश्चित रूप से भारत का पलड़ा भारी था। इसके बाद (पैट) कमिंस, (नाथन) लॉयन और (स्कॉट) बोलैंड ने वास्तव में भारतीय गेंदबाजों को निराश किया। ऑस्ट्रेलिया ने 333 रन की बढ़त हासिल कर ली है इससे भारत के लिए मैच जीतना काफी मुश्किल हो गया है।'

ऑस्ट्रेलिया जल्दी घोषित नहीं करेगा पारी

ऑस्ट्रेलिया के आठवें, 10वें और 11वें क्रम के बल्लेबाजों ने पिच पर जमकर रन बनाए। कमिंस (90 गेंदों में 41 रन), लॉयन (54 गेंदों में नाबाद 41 रन) और बोलैंड (65 गेंदों में नाबाद 10 रन) ने अहम योगदान दिया। उन्होंने कहा,'हम अगर निचले क्रम के बल्लेबाजों को जल्दी आउट करते तो हमें 260-270 रन के लक्ष्य का पीछा करना होता और शायद रविवार को एक घंटे की बल्लेबाजी में हमने 30-40 रन बना लिये होते। हमें अब आखिरी विकेट लेने पर ध्यान देना होगा क्योंकि ऑस्ट्रेलिया खुद से इतनी जल्दी पारी नहीं घोषित करेगा।'

जीत के लिए टीम इंडिया को चाहिए सहवाग वाली शुरुआत

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत अब भी इस मैच को जीत सकता है, गावस्कर ने कहा,'हमने 2021 में गाबा में आखिरी दिन 329 रन का पीछा किया था। इसके लिए हमें अच्छी शुरुआत की जरूरत होगी। हमें उस तरह की शुरुआत की जरूरत होगी जैसा की वीरेंद्र सहवाग टीम को दिलाते थे।'

ऐसा लगा कि पंत पर अहंकार हो गया है हावी

गावस्कर ने ऋषभ पंत के ‘बेवकूफाना शॉट’ वाले बयान का बचाव करते हुए कहा कि वह निराश थे क्योंकि ऐसा लग रहा था कि पंत का अहंकार हावी हो गया था। गावस्कर ने ‘एबीसी स्पोर्ट’ से कहा,'जब मैं ऋषभ पंत जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी को वह शॉट खेलते हुए देखता हूं तो मुझे उस पहले शॉट से कोई परेशानी नहीं हुई, जो उसने खेला और चूक गया। मेरे परेशान होने का कारण यह था कि उस अहंकार या अति आत्मविश्वास हावी हो गया था। इसी तरह के शॉट खेलने की कोशिश में वह इससे पहले वाली गेंद पर चोटिल था। वह दिखाना चाहते थे कि कौन असली ‘बॉस’ है। ऑस्ट्रेलिया ने उस शॉट के लिए दो क्षेत्ररक्षक लगा रखे थे और यह बड़ा मैदान है। यहां छक्का लगाना इतना आसान नहीं है।' गावस्कर ने कहा कि उन्होंने पंत को कुछ शानदार पारियां खेलते हुए देखा है, खासकर ऑस्ट्रेलिया में। उन्होंने कहा कि उस समय वह शॉट खेलना सही नहीं था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article