क्रिकेट

INDM vs AUSM Highlights: ऑस्ट्रेलिया को 94 रन से हराकर फाइनल में सचिन की इंडिया मास्टर्स

INDM vs AUSM Highlights: इंडिया मास्टर्स ने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली। पहले सेमीफाइनल में उसने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स को 94 रन से हरा दिया। शहबाज नदीम ने 4 विकेट लेकर इंडिया मास्टर्स की जीत की नींव रखी।

Image

इंडिया मास्टर्स और ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स (साभार-X)

INDM vs AUSM Highlights: इंडिया मास्टर्स ने इंटरनेशनल मास्टर्स लीग के फाइनल में जगह बना ली। गुरुवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल मुकाबले में उसने ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की टीम को 94 रन से रौंद दिया। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स के सामने जीत के लिए 221 रन का लक्ष्य था, लेकिन शहबाज नदीम की फिरकी में ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की टीम ऐसा उलझी कि पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की पूरी टीम केवल 126 रन बनाकर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की ओर से सर्वाधिक 39 रन की पारी बेन कटिंग ने खेली। इंडिया मास्टर्स की ओर से शहबाज नदीम ने 4 जबकि इरफान पठान और विनय कुमार ने 2-2 विकेट चटकाए।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। इंडिया मास्टर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और केवल 16 रन के स्कोर पर उसने पहला विकेट गंवा दिया। लेकिन दूसरे छोर से सचिन डंटे रहे। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने पवन नेगी के साथ 46 रन की साझेदारी की। सचिन ने 30 गेंद पर ताबड़तोड़ 42 रन की पारी खेली। इसके बाद युवराज सिंह और स्टुअर्ट बिन्नी का कमाल देखने को मिला। दोनों ने तेजी से 41 रन जोड़े। युवराज ने सर्वाधिक 59 रन जबकि स्टुअर्ट बिन्नी ने 36 रन की पारी खेली। बाद में युसूफ पठान ने 10 गेंद में 23 और इरफान पठान ने 7 गेंद में 19 रन की पारी खेली। इन दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी से इंडिया मास्टर्स ने 7 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए।

221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। ऑस्ट्रेलिया मास्टर्स की ओर सर्वाधिक 39 रन की पारी बेन कटिंग ने खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं पाया। इंटरनेशनल मास्टर्स लीग का फाइनल मुकाबला 16 मार्च को रायपुर में खेला जाएगा, जहां उसका सामना दूसरे सेमीफाइनलिस्ट टीम से होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article