क्रिकेट

U19 Asia Cup 2025, IND vs UAE Highlights: वैभव सूर्यवंशी की रिकॉर्डतोड़ पारी की बदौलत भारत ने दी यूएई को बड़े अंतर से मात

भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने वैभव सूर्यवंशी की 95 गेंद में 171 रन की आतिशी पारी की बदौलत यूएई के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ अंडर-19 एशिया कप में शुरुआत की है। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट ACC X)

दुबई: वैभव सूर्यवंशी की 95 गेंद में 171 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने अंडर-19 वनडे एशिया कप के अपने शुरुआती मैच में शुक्रवार को दुबई में यूएई को 234 रन के बड़े अंतर से हराया। इस 14 साल के खिलाड़ी ने 14 छक्के लगाकर अंडर-19 वनडे क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके भी जड़े। सूर्यवंशी की आतिशी पारी के अलावा विहान मल्होत्रा (55 गेंद में 69) और आरोन जॉर्ज (73 गेंद में 69) की अर्धशतकीय पारियों से भारत ने 50 ओवर में छह विकेट पर रिकॉर्ड 433 रन बनाये। यह अंडर-19 वनडे में भारत का सर्वाधिक स्कोर होने के साथ एशिया कप इतिहास का भी सर्वोच्च स्कोर है।

199 रन बना सकी यूएई की टीम

यूएई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए कभी भी भारत को टक्कर देने की स्थिति में नहीं दिखी। टीम ने पृथ्वी मधु (50) और उद्धिश सूरी (नाबाद 78) की अर्धशतकीय पारियों से सात विकेट पर 199 रन बनाये। सूर्यवंशी की 171 रन की पारी अब युवा वनडे में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह रिकॉर्ड अंबाती रायुडु के नाम है जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाये थे। यह अंडर-19 वनडे में नौवा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।

वैभव ने 56 गेंद में जड़ा शतक

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सूर्यवंशी ने क्रीज पर आते ही यूएई के गेंदबाजों की खबर लेनी शुरू कर दी। उन्होंने 30 गेंद में अपना अर्धशतक और फिर 56 गेंद में शतक पूरा किया। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने जॉर्ज के साथ दूसरे विकेट के लिए 212 रन की साझेदारी की। वह 33वें ओवर में स्पिनर सूरी की गेंद पर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद मध्य क्रम ने लय बनाए रखी, जिसमें वेदांत त्रिवेदी (34 गेंद में 38 रन), अभिज्ञान कुंडू (17 गेंद में नाबाद 32) और कनिष्क चौहान (12 गेंद में नाबाद 28) ने रनों का प्रवाह जारी रखते हुए भारत को 400 रन के आंकड़े के पार पहुंचाया।

53 रन पर यूएई ने गंवा दिए थे 6 विकेट

यूएई ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 53 रन तक छह विकेट गंवा दिये। सूरी और मधु ने इसके बाद सातवें विकेट के लिए 144 गेंद में 85 रन की साझेदारी कर टीम के हार को अंतर को कम किया। सूरी ने एक छोर संभाले रखा जिससे भारतीय टीम ने नौ गेंदबाजों के इस्तेमाल के बावजूद यूएई को ऑल आउट नहीं कर सकी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article