क्रिकेट

IND vs AUS Highlights: बुमराह की कप्तानी में टीम इंडिया ने पर्थ में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

IND vs AUS Highlights: भारत ने पर्थ टेस्ट जीतकर 5 मैच की सीरीज में विजयी आगाज किया है। पर्थ की इस मुश्किल पिच पर भारतीय टीम ने हर मोर्चे पर ऑस्ट्रेलिया को पटखनी दी और ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

Image

भारत और ऑस्ट्रेलिया (साभार-AP)

IND vs AUS Highlights: भारत ने पर्थ में ऑस्ट्रेलिया को हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली। ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 534 रन का असंभव सा लक्ष्य था लेकिन भारत की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम चौथे दिन ही 238 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने 295 रन से मैच जीत लिया।

पहले दिन के दो सेशन को छोड़ दें तो टीम इंडिया ने हर मोर्चे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम को पटखनी दी। भारत ने लगातार 8 सेशल में डॉमिनेट करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक भी मौका नहीं दिया। दूसरी पारी में भी भारतीय गेंदबाजों ने जबरदस्त गेंदबाजी की। बुमराह और सिराज ने 3-3 विकेट चटकाए जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 2 विकेट लिए।

दूसरी पारी की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक बार फिर ट्रेविस हेड ने 89 रन की पारी खेली। हेड के अलावा मिचेल मार्श ने 47 और एलेक्स कैरी ने 36 रन बनाए। इन दोनों के अलावा स्टीव स्मिथ ने 17 रन की पारी खेली। दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया के 6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए।

बुमराह ने कराई वापसी

पहली पारी में 150 रन के स्कोर पर ऑलआउट होने के बाद जिस तरह से जसप्रीत बुमराह ने मैच का पासा पलटा वह काबिले तारीफ थी। लीडिंग फ्रॉम द फ्रंट बुमराह ने पहली पारी में 18 ओवर में केवल 30 रन देकर 5 विकेट चटकाए। बुमराह की इस घातक स्पेल का फायदा डेब्यू कर रहे हर्षित राणा ने भी उठाया और उन्होंने भारतीय टीम के सबसे बड़े हेडेक ट्रेविस हेड को अपना शिकार बनाया। हर्षित ने 48 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

रही-सही कसर मोहम्मद सिराज ने पूरी कर दी जिन्होंने 20 रन देकर 2 विकेट चटकाए। टीम इंडिया की इस गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलिया की टीम एकदम लाचार नजर आई और केवल 104 रन पर ढेर हो गई। भारत की खतरनाक गेंदबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऑस्ट्रेलिया के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वाधिक 26 रन की पारी मिचेल स्टार्क ने खेली।

जायसवाल और राहुल की ऐतिहासिक साझेदारी

पहली पारी के आधार पर 46 रन की बढ़त लेने वाली टीम इंडिया की ओर से दूसरी पारी की शुरुआत किसी सपने की तरह रही जब जायसवाल और केएल राहुल ने अपनी गलतियों से सबक लेते हुए पहले ऐतिहासिक 201 रन की साझेदारी की। यशस्वी जायसवाल ने 161 रन की पारी खेली तो विराट कोहली ने भी अपने टेस्ट करियर का 30वां शतक जड़ा। इन दोनों के अलावा केएल राहुल ने 77 और नीतीश रेड्डी ने 38 रन की पारी खेली।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article