तिरुवंनतपुरम: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अपनी टीम में कुछ अहम बदलाव किए हैं। बीसीसीआई ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि उमेश यादव, शाहबाज अहमद और श्रेयस अय्यर को भारत के टी20 स्क्वाड में जोड़ा गया है। इसकी वजह यह है कि दीपक हुड्डा पीठ की चोट के कारण आगामी सीरीज से बाहर हो चुके हैं। ऑलराउंडर अपनी चोट के आगे के प्रबंधन के लिए एनसीए में रहेंगे।
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब तक कोविड-19 से पूरी तरह नहीं उबर सके हैं। जहां तक पांड्या और भुवनेश्वर का सवाल है तो कंडीशनिंग संबंधित काम के लिए उन्हें एनसीए में रिपोर्ट करना होगा। ध्यान दिला दें कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर रहे अर्शदीप सिंह को यहं मौका मिला है। वह प्लेइंग 11 में भुवनेश्वर कुमार की जगह ले सकते हैं।
ध्यान हो कि श्रेयस अय्यर को टी20 वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व खिलाड़ियों में जगह मिली हुई है। अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वो खुद को साबित कर सकते हैं। उमेश यादव और शाहबाज अहमद भी अपनी काबिलियत साबित करना चाहेंगे, लेकिन दोनों को प्लेइंग 11 में मौका मिलना मुश्किल है। भारतीय टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 2-1 से हराया था और अब वो दक्षिण अफ्रीका को भी हराने के इरादे से मैदान संभालेगी।
भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज खेलने के बाद टी20 वर्ल्ड कप के लिए रवाना होगी। यानी रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली भारतीय टीम के पास अपना सर्वश्रेष्ठ संयोजन खोजने का यह आखिरी मौका है। याद हो कि दक्षिण अफ्रीका ने जून में भारत के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली थी, जो 2-2 की बराबरी पर रही थी।
भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 स्क्वाड
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव, श्रेयस अय्यर और शाहबाज अहमद।
