IND A vs PAK A: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर फैंस के बीच गजब का उत्साह है। सब जानना चाहते हैं कि लीग स्टेज के बाद अब दोनों टीम कब भिड़ेगी? आपको बता दें कि सुपर-8 में तो भारत-पाकिस्तान का मुकाबला नहीं होना है, लेकिन बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की मानें तो सेमीफाइनल में दोनों टीमें टकरा सकती हैं, लेकिन उससे पहले 22 फरवरी को भारत-पाकिस्तान की महिला टीम भिड़ सकती है। दरअसल एसीसी विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार (ACC Women's Asia Cup Rising Stars) का फाइनल मुकाबला रविवार यानी 22 फरवरी को खेला जाना है। कप्तान राधा यादव के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ए की टीम ने शुक्रवार को श्रीलंका ए को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनका यह दांव उल्टा पड़ गया। राधा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने उसके बल्लेबाजी लाइन-अप को तहस-नहस कर उन्हें 118 रन पर आउट कर दिया। बाएं हाथ की स्पिनर राधा ने 19 रन देकर चार विकेट लिए। राधा को एक और बाएं हाथ की स्पिनर तनुजा कंवर (20 रन देकर दो विकेट) और लेग स्पिनर प्रेमा रावत (नौ रन देकर दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। श्रीलंका के लिए सलामी बल्लेबाज संजना काविंदी (31 रन) शीर्ष स्कोरर रहीं। 10वें ओवर में श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 71 रन था। लेकिन इसके बाद वे भारतीय स्पिनरों का सामना नहीं कर सकीं और बचे हुए आठ विकेट नौ ओवर में 47 रन के अंदर गंवा दिए।
श्रीलंका के लिए सबसे बड़ी भागीदारी काविंदी और साथी सलामी बल्लेबाज हंसिमा करुणारत्ने (14) के बीच 36 रन की साझेदारी रही। लक्ष्य का पीछा करते समय भारत ने एक समय 21 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद उसे ज्यादा परेशानी नहीं हुई। टीम के लिए वृंदा दिनेश 42 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहीं। लेकिन राधा ने बल्लेबाजी में भी योगदान देते हुए 18 गेंदों पर सात चौकों की मदद से नाबाद 31 रन बनाए जिससे भारत ने 13.3 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
फाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। दूसरा सेमीफाइनल बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
