क्रिकेट

IND vs WI: रवींद्र जडेजा ने तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड, बने विंडीज के खिलाफ सबसे सफल भारतीय

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jul 27, 2023, 10:04 PM IST

ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए कपिल देव और अनिल कुंबले को पीछे छोड़कर कैरेबियाई टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं।

Image

शिमरॉन हेटमायर के विकेट के जश्न मनाते रवींद्र जडेजा और रोहित शर्मा

बारबाडोस: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने एक बार फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ गेंदबाजी में धमाकेदार प्रदर्शन किया। सीरीज के पहले वनडे में जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए और विंडीज को 114 रन पर समेटने में अहम भूमिका अदा की।

वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे सफल भारतीय गेंदबाज

अपने इस गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत रवींद्र जडेजा कपिल देव और अनिल कुंबले को पछाड़कर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। कपिल ने विंडीज के खिलाफ 43 और कुंबले ने 41 विकेट वनडे क्रिकेट में चटकाए थे। ऐसे में अब जडेजा दोनों से आगे निकल गए हैं। उनके खाते में वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 विकेट हो गए हैं।

ऐसा है विंडीज के खिलाफ जडेजा का गेंदबाजी रिकॉर्ड

जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले 30 मैच की 30 पारियों में 28.68 के औसत से 44 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 36 रन देकर 5 विकेट रहा है जो उन्होंने साल 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान इंग्लैंड के ओवल मैदान पर किया था। इसके अलावा उन्होंने एक बार 4 विकेट भी विंडीज के खिलाफ वनडे में चटकाए हैं।

विंडीज है जडेजा की सबसे फेवरेट टीम

वेस्टइंडीज रवींद्र जडेजा की वनडे में सबसे फेवरेट टीम रही है। उनके वनडे में 194 विकेटों में से 44 विकेट वेस्टइंडीज के खिलाफ आए हैं। इसके अलावा जडेजा ने 38 विकेट इंग्लैंड के खिलाफ, 30 विकेट ऑस्ट्रेलिया के और 25 विकेट श्रीलंका के खिलाफ चटकाए हैं। अपनी फेवरेट टीम के खिलाफ एक बार फिर जडेजा अपनी फिरकी का जादू दिखाने में सफल रहे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article