क्रिकेट

IND vs WI: मोहम्मद सिराज बने इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज, टेस्ट को बताया पसंदीदा फॉर्मेंट

IND vs WI: भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया, जिसके बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को 'इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। सिराज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 10 विकेट हासिल किए।

Image

मोहम्मद सिराज (फोटो- BCCI X)

IND vs WI: भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया, जिसके बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को 'इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। सिराज ने इस सीरीज में कुल 10 विकेट हासिल किए, जिसमें पहले टेस्ट में 7 और दूसरे टेस्ट में 3 विकेट शामिल थे। सिराज ने अपनी इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि टेस्ट क्रिकेट उनका पसंदीदा फॉर्मेट है।

सिराज का 'इम्पैक्ट प्लेयर' पर रिएक्शन

सीरीज में अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए सिराज ने कहा, "सच कहूं तो, यह सीरीज बहुत अच्छी रही। जब हमने अहमदाबाद में खेला, तो तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिली। दिल्ली में हमें काफी ओवर फेंकने पड़े। मैंने जो भी विकेट लिया, वह पांच विकेट जैसा लगा।"तेज गेंदबाज के तौर पर चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, "बतौर तेज गेंदबाज, जब आपको मेहनत के बाद इनाम मिलता है, तो आत्मविश्वास बढ़ता है। ड्रेसिंग रूम में 'इम्पैक्ट प्लेयर का अवॉर्ड' जीतने पर खुशी भी होती है।"

'टेस्ट मेरा पसंदीदा फॉर्मेट': चुनौती से मिलता है गर्व

सिराज ने स्पष्ट किया कि टेस्ट क्रिकेट ही उनका सबसे पसंदीदा फॉर्मेट है, और हर छोटी उपलब्धि उन्हें गर्व महसूस कराती है। उन्होंने कहा, "किसी भी उपलब्धि के बाद एक इंसान के तौर पर मुझे बहुत गर्व होता है। मैं इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखने की कोशिश करूंगा, क्योंकि टेस्ट क्रिकेट मेरा पसंदीदा फॉर्मेट है।"उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को सबसे चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा, "इसमें बहुत सारी चुनौतियां होती हैं। आपको पूरे दिन मैदान पर रहना होता है। आपको शारीरिक और मानसिक रूप से मेहनत करनी होती है। यह बहुत अलग है, लेकिन इससे मुझे गर्व भी होता है।"

जगदीशन ने की तारीफ

'बीसीसीआई टीवी' द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज एन. जगदीशन ने ड्रेसिंग रूम में सिराज को उनका 'इम्पैक्ट प्लेयर' मेडल प्रदान किया। जगदीशन ने सिराज को एक बेजोड़ खिलाड़ी बताते हुए उनकी जमकर तारीफ की।जगदीशन ने कहा, "इस सीरीज में कई शानदार प्रदर्शन हुए हैं, लेकिन अब बात सिर्फ एक ऐसे खिलाड़ी की है जिसने पूरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। वह खिलाड़ी जिसके पास हर बार गेंद फेंके जाने पर बहुत जोश, साहस और आक्रामकता होती है।"

सिराज ने बढ़ाया हौसला

उन्होंने सिराज के सकारात्मक रवैये पर जोर देते हुए कहा, "हर बार जब वह मैदान पर उतरे, उनका रवैया एक जैसा ही रहा। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि जब भी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन हुआ, तो वह सबसे पहले सभी की पीठ थपथपाकर उनका हौसला बढ़ाने वाले खिलाड़ी रहे।"सिराज ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज में अपनी तेज गेंदबाजी और उत्साह से भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article