बिजनेस

6 महीने में 200% का ताबड़तोड़ रिटर्न! Q1 में 3 गुना बढ़ा प्रॉफिट, फिर अचानक क्यों लुढ़का ये मल्टीबैगर?

इस स्टॉक ने पिछले 6 महीने में 200% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। FY27 की पहली तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 3 गुना बढ़ा है। इसके अलावा कंपनी ने गाइडेंस भी मजबूत रखा है। फिर क्यों शेयर सुस्त हुआ?

Image

मजबूत नतीजों के बाद भी लुढ़का शेयर

Multibagger Stock : पिछले 6 महीने में कंडोम बनाने वाली इस कंपनी ने 200% का जबरदस्त रिटर्न दिया है। वहीं, हाल में ही जारी FY27 की पहली तिमाही (Q1) के नतीजों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपनी ने 3 गुना मुनाफा रिपार्ट किया है। लेकिन, इसके बाद भी Cupid के शेयरों में सोमवार को करीब 2% की गिरावट देखने को मिली। यह शेयर पिछले एक साल में करीब 683% का रिटर्न दे चुका है। यानी जिसने एक साल पहले इसमें 1 लाख रुपये लगाए होते, उसकी रकम बढ़कर करीब 7.83 लाख रुपये हो गई होती। अब सवाल यह है कि इतनी तेज रफ्तार के बाद क्या कंपनी की ग्रोथ आगे भी जारी रह सकती है?

पहली तिमाही में मुनाफा तीन गुना

क्यूपिड ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 44 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में यह 15 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर कंपनी के मुनाफे में करीब तीन गुना की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही कंपनी की ऑपरेशनल इनकम में भी बड़ा उछाल आया। पहली तिमाही में आमदनी 159% बढ़कर 155 करोड़ रुपये हो गई। इससे साफ है कि इस दौरान कंपनी के कारोबार में सिर्फ मुनाफे की ही नहीं, बल्कि बिक्री की भी मजबूत ग्रोथ देखने को मिली।

अब कंपनी ने बढ़ाया वित्त वर्ष का लक्ष्य

क्यूपिड के लिए सबसे बड़ा सकारात्मक संकेत यह है कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपना अनुमान बढ़ा दिया है। कंपनी को अब पूरे वित्त वर्ष में 725 से 750 करोड़ रुपये की आमदनी और 210 से 225 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे की उम्मीद है। कंपनी के मुताबिक मजबूत ऑर्डर बुक, घरेलू कारोबार में विस्तार, अंतरराष्ट्रीय कारोबार की अच्छी मांग और वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद ने उसे यह लक्ष्य बढ़ाने का भरोसा दिया है। यानी कंपनी का फोकस सिर्फ पहली तिमाही के शानदार नतीजों तक सीमित नहीं है। प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाली तिमाहियों में भी कारोबार की रफ्तार मजबूत बनी रह सकती है।

सरकारी ऑर्डर से मिल सकता है बड़ा फायदा

क्यूपिड के भविष्य के कारोबार में एक बड़ा ट्रिगर आईवीडी किट कारोबार से आने की उम्मीद है। कंपनी ने बताया है कि भारत की कई राज्य सरकारों से उसके आईवीडी किट पोर्टफोलियो के लिए बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। इनमें से कई अवसर ऑर्डर मिलने की अंतिम प्रक्रिया में हैं। इसके अलावा कंपनी को अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी नए अवसर मिलने की उम्मीद है। यूरोपीय मानकों से जुड़े प्रमाणपत्र मिलने के बाद कंपनी के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए रास्ते खुले हैं। अगर इन ऑर्डरों का वास्तविक रूप से कंपनी की बिक्री और मुनाफे में योगदान बढ़ता है, तो यह आने वाली तिमाहियों में ग्रोथ का महत्वपूर्ण स्रोत बन सकता है।

फिर भी शेयर में गिरावट क्यों?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब मुनाफा तीन गुना बढ़ा और कंपनी ने वित्त वर्ष का लक्ष्य भी बढ़ाया, तो शेयर सोमवार को क्यों गिरा? इसका एक बड़ा कारण शेयर में पहले ही आ चुकी जबरदस्त तेजी हो सकती है। क्यूपिड का शेयर एक महीने में करीब 24% और एक सप्ताह में लगभग 14% चढ़ चुका है। वर्ष 2026 में अब तक इसमें करीब 150% की तेजी आ चुकी है। लंबी अवधि का प्रदर्शन तो और भी ज्यादा चौंकाने वाला है। एक साल में शेयर करीब 683%, तीन साल में करीब 8,923% और पांच साल में करीब 10,979% ऊपर है। इतनी तेज तेजी के बाद अच्छे नतीजों पर भी कुछ निवेशक मुनाफा वसूल रहे हैं।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article