स्पोर्ट्स

भारत को वर्ल्ड अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में तीन मेडल, महिला रिले टीम और पूजा सिंह ने निराश किया

India Campaign In Under-20 World Athletics Championship: कुछ युवा भारतीय एथलीटों ने विश्व अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अपना दम जरूर दिखाया लेकिन अंत में भारतीय महिला रिले टीम और नेशनल रिकॉर्ड धारक हाई जम्प एथलीट पूजा सिंह ने निराश किया, जिसके बाद भारतीय अभियान का अंत कुल तीन पदकों के साथ हुआ।

Image

अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय महिला रिले टीम ने किया निराश (X/Afiindia)

KEY HIGHLIGHTS
  • अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026
  • भारतीय महिला रिले टीम और पूजा सिंह ने किया निराश
  • भारत ने चैंपियनशिप में जीते 3 पदक

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक ऊंची कूद की एथलीट पूजा सिंह उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं और फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं, जिससे भारत ने यहां विश्व एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप में तीन पदकों के साथ अपना अभियान समाप्त किया। 19 वर्षीय पूजा केवल 1.84 मीटर की ऊंचाई ही पार कर सकीं, जो उनके सीनियर स्तर पर राष्ट्रीय रिकॉर्ड 1.93 मीटर से काफी कम है। वह तीन प्रयासों में 1.87 मीटर की ऊंचाई पार करने में नाकाम रहीं।

ऑस्ट्रेलिया की इज़ोबेल लुइसन-रो ने 1.92 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि हंगरी की लिलियाना बटोरी (1.90 मीटर) और स्पेन की ऐताना अलोंसो (1.90 मीटर) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए। पूजा ने मई में 1.93 मीटर के सीनियर राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। वह सीनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता भी हैं।

भारतीय महिला चार गुणा 400 मीटर रिले टीम फाइनल में नौवें और अंतिम स्थान पर रही। उसने तीन मिनट 45.28 सेकंड का समय लिया। टीम में भूमिका नेहते, ताहूरा खातून, तनु चौधरी और थिया अरुमुगम शामिल थीं।

अमेरिका ने 3:29.15 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया (3:31.39 सेकंड) और ग्रेट ब्रिटेन (3:32.08 सेकंड) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

भारत ने इस तरह से प्रतियोगिता में तीन पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया जिसमें दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं।

आशीष यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था। इसके बाद बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत और शाहनवाज खान ने पुरुषों की लंबी कूद में कांस्य पदक जीता। भारत ने 2021 और 2022 में भी इस प्रतियोगिता में तीन पदक जीते थे जबकि 2024 में वह केवल एक पदक ही जीत पाया था।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article