IND vs WI (India vs West Indies) 4th T20I Pitch Report, Central Broward Park Lauderhill Weather Forecast Today: टीम इंडिया ने पांच टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करके सीरीज में वापसी कर ली है। भारत अब सीरीज में 1-2 से पीछे है और आज होने वाले चौथे टी20 मैच में भारत के पास सीरीज में बराबरी करने का मौका होगा। अब वेन्यू बदल चुका है, अंतिम दो टी20 मुकाबले अमेरिका के फ्लोरिडा (Florida) में खेले जाने हैं।
भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज के पहले और दूसरे टी20 मुकाबले में मेजबान कैरेबियाई टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। इसके बाद तीसरे टी20 मुकाबले में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) का बल्ला गरजा और उनकी धुआंधार अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया ने जोरदार जीत के साथ सीरीज में कमबैक कर लिया। अब मुकाबले अमेरिका की जमीन पर होंगे, आज चौथा टी20 मैच फ्लोरिडा के लॉडरहिल स्थित सेंट्रल ब्रोवार्ड पार्क में खेला जाएगा। जानते हैं कि यहां की पिच रिपोर्च क्या कहती है और कैसी है मौसम की स्थिति।
कैसी होगी भारत-वेस्टइंडीज चौथे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट? (IND vs WI 4th T20I Pitch Report)
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और टीम इंडिया अब एक न्यूट्रल वेन्यू पर खेलने उतरेंगे। अमेरिका का लॉडरहिल दोनों देशों के लिए सामान्य स्थितियों वाला होगा। ऐसे में मुकाबला कांटे का होने की उम्मीद है। अगर बात करें सेंट्रल ब्रोवार्ड पार्क की पिच की तो बल्लेबाजों को यहां ज्यादा फायदा मिलने के आसार हैं। गेंदबाजों को मैच के मध्य ओवरों में कुछ सफलताएं मिलती देखी जा सकती हैं। अब बात करते हैं यहां के दिलचस्प पहलू की। दरअसल, इस मैदान पर 13 टी20 मुकाबलों में 12 बार वो टीम जीती है जिसने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत ने यहां जो पिछले दो टी20 मैच खेले थे उसमें उसने दोनों मौकों पर पहले बल्लेबाजी की और सम्मानजनक स्कोर खड़ा करते हुए वेस्टइंडीज को मात दी थी। ऐसे में टॉस का नतीजा काफी अहम होने वाला है।
आज कैसा रहेगा लॉडरहिल का मौसम? (Lauderhill Weather Today)
दोनों टीमों के बीच मुकाबला फ्लोरिडा के लॉडरहिल में होना है और यहां का मौसम काफी उतार-चढ़ाव वाला रहता है। शुक्रवार को यहां बारिश हुई है। वहीं आज भी यहां बारिश की उम्मीद जताई गई है, लेकिन अनुमान है कि शायद ये बारिश इतनी तेज ना हो कि मैच रद्द हो जाए, पर कुछ ओवर कम जरूर होने की उम्मीद है। दिन में यहां थोड़ी धूप भी रहेगी और हल्के बादल भी छाए रहेंगे। अगर तापमान की बात करें तो आज उमस काफी रहने वाली है और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
टीम इंडियाः हार्दिक पंड्या (कप्तान), ईशान किशन, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, आवेश खान और मुकेश कुमार, अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक।
वेस्टइंडीज टी20 टीम: रोवमैन पॉवेल (कप्तान), काइल मायर्स, ओबेद मैकॉय, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन, रोमारियो शेफर्ड, जानसन चार्ल्स, शाई होप, रोस्टन चेस, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, ओशाने थॉसम, ओडियन स्मिथ, अकील हुसैन और अल्जारी जोसफ।
