IND vs WI 3rd Day Highlights: भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज के कप्तान क्रैग ब्रैथवेट की शानदार पारी की बदौलत टीम ने अच्छी शुरुआत की। दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन वेस्टइंडीज ने 86 रन और एक विकेट से पहली पारी को आगे बढ़ाया। दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज ने 108 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए थे। भारतीय टीम अभी भी 209 रनों से आगे है। इस बीच बारिश के कारण तीसरे दिन का पूरा मैच नहीं खेला जा सका। बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मैच करीब 50 मिनट के लिए रोकना पड़ा था। एलिक अथानाजे 37 रन और जेसन होल्डर 11 रन बनाकर क्रीज पर थे।
ब्रैथवेट ने खेली कप्तानी पारी
वेस्टइंडीज के कप्तान क्रैग ब्रैथवेट ने टीम के लिए कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 31.91 की स्ट्राइक रेट से टीम के लिए रन बनाए। क्रैग ब्रैथवेट ने 235 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 75 रन बनाए। ब्रैथवेट का यह 29वां अर्धशतक है। उन्होंने टेस्ट करियर में भारत के धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली के अर्धशतक की बराबरी कर ली।
रहाणे ने लपका शानदार कैच
स्लिप में फील्डिंग कर रहे टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे शानदार छलांग लगाकर कैच पकड़ा। जर्मेन ब्लैकवुड बल्लेबाजी कर रहे थे। 87वां ओवर स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा डालने आए। इस ओवर की तीसरी गेंद को जर्मेन ब्लैकवुड ने खेलना चाहा, लेकिन उनके बल्ले से गेंद लगी और विकेटकीपर इशान किशन के ग्लव्स में लगी। वे भी कैच नहीं ले सके। लेकिन स्लिप में फील्डिंग कर रहे अजिंक्य रहाणे ने सुपरमैन बनकर गेंद को लपक लिया।
टीम इंडिया ने बनाए विशाल स्कोर
दूसरे दिन भारतीय टीम ने 288/4 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम दिन का खेल खत्म होने से पहले 128 ओवर में 3.42 के रनरेट से 438 रन पर ऑलआउट हो गई। विराट कोहली ने शतकीय पारी खेली। वे करीब पांच साल बाद घर के बाहर शतक जमाने में भी सफल रहे। वहीं, रवींद्र जडेजा ने अभी अर्धशतकीय पारी खेली। दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज रवि अश्विन ने शानदार पारी खेलकर अर्धशतक जड़ा। अश्विन ने 71.79 की स्ट्राइक रेट से 78 गेंदों पर 8 चौके की मदद से 56 रन बनाए।
हेड टू हेड में वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी
मैच में टीम इंडिया का पलड़ा जरूर भारी है, लेकिन हेड टू हेड की बात करें तो वेस्टइंडीज की बादशाहत दिखती है, जो अब धीरे-धीरे खत्म होते जा रहा है। अब तक खेले गए कुल 99 टेस्ट मुकाबलों में 30 में वेस्टइंडीज जबकि 23 में टीम इंडिया को जीत मिली है, जबकि 46 मुकाबला ड्रॉ रहा है।
