गयाना: आईपीएल में पिछले दो सीजन में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते हुए बल्ले से छाप छोड़ने वाले 20 साल के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की है। त्रिनादाद के तोरोबा में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में 39 रन की पारी खेलने वाले तिलक दूसरे टी20 में 39 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान तिलक वर्मा ने 5 चौके और एक छक्का जड़ा। 40 गेंद में 51 रन की पारी खेलकर तिलक अकील हुसैन की गेंद पर लपके गए। आउट होने से पहले तिलक ने टीम को मुश्किल से उबराकर 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की।
मुश्किल से टीम इंडिया को उबारा
तिलक जब बल्लेबाजी करने मैदान में उतरे उस वक्त टीम इंडिया ने महज 18 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे। शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव पवेलियन वापस लौट गए थे। ऐसे में उन्होंने एक छोर संभाला और भारतीय टीम की रनों की रफ्तार को बनाए रखा। तिलक अर्धशतक पूरा करने के बाद तेजी से रन बनाने की कोशिश में मिड विकेट पर लपके गए।
अर्धशतक जड़ने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय
तिलक वर्मा भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में सबसे कम उम्र में अर्धशतक जड़ने के मामले में ऋषभ पंत और रॉबिन उथप्पा को पछाड़कर दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। तिलक वर्मा ने 20 साल 271 दिन की उम्र में टीम इंडिया के लिए टी20 में अर्धशतक जड़ा है। उनसे कम उम्र में ये कारनाम रोहित शर्मा ने किया था। रोहित ने 20 साल 143 दिन की उम्र में ये उपलब्धि हासिल की थी। वहीं ऋषभ पंत ने 21 साल 138 दिन और रॉबिन उथप्पा ने 21 साल 307 दिन की उम्र में हासिल की थी।
