क्रिकेट

IND vs WI: बल्लेबाजी से पहले फील्डिंग में चमके डेब्यूटेंट तिलक वर्मा, डाइव लगाकर लपका लाजवाब कैच [VIDEO]

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 4, 2023, 06:00 AM IST

तिलक वर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में बल्ला थामने से पहले अपनी शानदार फील्डिंग के जरिए छाप छोड़ने में सफल रहे। उन्होंने जॉनसन चार्ल्स का शानदार कैच डाइव करते हुए लपका।

Image

तिलक वर्मा (साभार Jio Cinema Screen Grab)

KEY HIGHLIGHTS
  • तिलक वर्मा ने अपने डेब्यू टी20 में लपका शानदार कैच
  • वर्मा ने शानदार फील्डिंग करते हुए मैच में दो कैच लिए
  • बल्लेबाजी के दौरान 22 गेंद में खेली 39 रन की पारी

त्रिनिदाद: हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम को गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ तोरोबा के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में 4 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम जीत के लिए मिले 150 रन के आसान लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी। टीम इंडिया 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 145 रन बना सकी। भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह नाकाम रहे।

मैदान पर उतरते ही दिखाया फील्डिंग में जलवा

भारतीय टीम ने मैच में दो खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका दिया। मुंबई इंडियन्स की ओर से आईपीएल में खेलने वाले तिलक वर्मा और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के सदस्य मुकेश कुमार मैच में पहली बार भारत की जर्सी पहनकर खेलने उतरे। भारतीय टीम को पहले गेंदबाजी करनी पड़ी। ऐसे में बल्लेबाजी से पहले तिलक वर्मा को मैदान पर फील्डिंग करते हुए अपनी काबीलियत दिखाने का मौका मिल गया।

पकड़ा जॉनसन चार्ल्स का शानदार कैच

तिलक पहली बार राष्ट्रीय टीम की जर्सी पहनकर खेलते हुए छाप छोड़ने में कामयाब रहे। उन्होंने पारी के आठवें ओवर में कुलदीप यादव की गेंद पर मिड विकेट में अपने बांई ओर छलांग लगाकर शानदार कैच लपका। उनके शानदार और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहले कैच की वजह से जॉनसन चार्ल्स को 3 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटना पड़ा।

बल्लेबाजी में भी रहे टीम के लिए सबसे सफल बल्लेबाज

फील्डिंग के बाद नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए भी तिलक वर्मा ने धमाल मचाया। तिलक ने करियर की पहली गेंद पर तो कोई रन नहीं बनाया लेकिन दूसरी और तीसरी गेंद को मिड विकेट के ऊपर से लगातार छक्के के लिए भेजकर अपना खाता खोला। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के जड़े। तिलक अपने जाने पहचाने निर्भीक अंदाज में बैटिंग करके आउट हुए। उन्होंने 22 गेंद में 39 रन की आतिशी पारी खेली। वो मैच में टीम इंडिया के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। भले ही भारतीय टीम को चार रन से हार का सामना करना पड़ा लेकिन बल्लेबाजी और फील्डिंग दोनों के दम पर दूसरे मुकाबले के लिए एकादश में अपनी जगह पक्की करने में तिलक सफल रहे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article