क्रिकेट

Asia Cup 2025: प्रेजेंटेशन सेरिमनी से ट्रॉफी को हटाने की पहली तस्वीर आई सामने, टीम इंडिया ने बिना पुरस्कार लिए मनाया PAK पर जीत का जश्न

भारत ने ACC के चेयरमैन मोहसिन नकवी से एशिया कप ट्रॉफी लेने से मना कर दिया, जिसके बाद उन्होंने ट्रॉफी वापस ले ली। ट्रॉफी को प्रेजेंटेशन एरिया से हटाते समय ली गई पहली तस्वीर अब सामने आई है।

Image

टीम इंडिया ने बिना ट्रॉफी के मनाया जश्न। (Photo-AP)

Asia Cup 2025 Presentation Ceremony: भारत ने एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन जारी रखा और तीसरी बार पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने आखिरी ओवर में रोमांचक जीत के साथ 147 रनों का लक्ष्य हासिल कर नौवीं बार यह खिताब जीता।

भारत ने किया पाक का बहिष्कार

वहीं, भारत ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच तो खेले, लेकिन पाक खिलाड़ियों का बहिष्कार जारी रखा और मैच से पहले या बाद में किसी से हाथ नहीं मिलाया। टीम इंडिया ने पाकिस्तानी अधिकारी मोहसिन नकवी का भी बहिष्कार करने का फैसला किया। नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन हैं। भारत ने साफ कर दिया कि वह नकवी से ट्रॉफी नहीं लेगा, जबकि अधिकारी सूर्यकुमार यादव को ट्रॉफी देना चाहता था। इससे पुरस्कार वितरण समारोह लगभग एक घंटे तक देरी से शुरू हुआ।

नकवी साथ ले गए ट्रॉफी

भारत के नकवी से ट्रॉफी ना लेने पर वह भारत की एशिया कप ट्रॉफी और खिलाड़ियों के मेडल अपने साथ लेकर चले गए, जिससे एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। AP ने एक अधिकारी को 'ट्रॉफी' को प्रेजेंटेशन सेरिमनी से हटाते हुए एक तस्वीर शेयर की है। देखें तस्वीर...

एशिया कप की ट्रॉफी ले जाता अधिकारी

एशिया कप की ट्रॉफी ले जाता अधिकारी (Photo-AP)

प्रेजेंटेशन सेरिमनी में क्या हुआ?

नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और ACC के अध्यक्ष के रूप में भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप ट्रॉफी देना चाहते थे। हालांकि, भारतीय टीम ने उनसे ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। जब भारत मैच जीता तो भारतीय खिलाड़ी तुरंत मैदान पर आ गए थे और कुछ के साथ उनके परिवार भी थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव की पत्नी देविशा, मुख्य कोच गौतम गंभीर की पत्नी नताशा और बेटियां भी मैदान पर थे और सभी बहुत खुश दिख रहे थे।

भारतीय टीम से 20 . 25 गज की दूरी पर ACC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी अपने साथियों के साथ खड़े थे दरअसल, BCCI ने ACC से कहा था कि टीम नकवी से पुरस्कार नहीं लेगी जो भारत विरोधी रवैये के लिए जाने जाते हैं। नकवी ने कुछ दिन पहले ही एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो विमान क्रैश होने का इशारा करके गोल का जश्न मना रहे थे।

नकवी हटने को तैयार नहीं थे...

नकवी का इशारा पाकिस्तान के उस दावे की ओर था कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद आपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने भारत के छह जेट गिराये थे। ऐसे में भारतीय टीम मंच पर नकवी के अलावा किसी से भी ट्रॉफी लेने को तैयार थी। दुबई स्पोटर्स सिटी के खालिद अल जरूनी भी मंच पर थे और ऐसी संभावना थी कि वह भारतीय टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम नकवी के रहते मंच पर जाने को तैयार नहीं थी और नकवी हटने को तैयार नहीं थे।

नकवी मंच से उतरे और...

फिर प्रस्तोता साइमन डाउल ने कहा, 'मुझे एशियाई क्रिकेट परिषद ने बताया है कि भारतीय टीम आज अपने पुरस्कार नहीं लेगी और मैच के बाद का समारोह यहीं खत्म होता है।' इसके बाद नकवी मंच से उतरे और निकास द्वार की ओर बढे। ACC टूर्नामेंट का स्टाफ ट्रॉफी लेकर चला गया जिससे सभी हैरान रह गए।

ACC टूर्नामेंट का स्टाफ ट्रॉफी लेकर जाता

ACC टूर्नामेंट का स्टाफ ट्रॉफी लेकर जाता। Photo-AP

तिलक और अभिषेक ने लिए बस पुरस्कार

सेरेमनी शुरू होने से पहले यह तय हुआ था कि यूएई क्रिकेट बोर्ड का कोई अधिकारी सूर्यकुमार को ट्रॉफी देगा। लेकिन नकवी ने सेरेमनी के दौरान अपना मन बदल दिया, जिसके बाद तिलक और अभिषेक शर्मा के पुरस्कार लेने के बाद भारत ने बाकी कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।

BCCI करेगी विरोध प्रदर्शन

BCCI ने नकवी के खिलाफ 'कड़ा विरोध प्रदर्शन' करने का फैसला किया है। ANI से बात करते हुए, BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा कि इस मामले को नवंबर में ICC की मीटिंग में उठाया जाएगा। सैकिया ने ANI को बताया, 'हमने एशिया कप 2025 की ट्रॉफी ACC के चेयरमैन से नहीं लेने का फैसला किया है, जो पाकिस्तान के मुख्य नेताओं में से एक हैं। इसलिए हमने उनसे ट्रॉफी लेने से मना कर दिया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह ट्रॉफी और मेडल अपने साथ ले जाएंगे।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article