क्रिकेट

IND vs ENG 2nd Test Pitch Report: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट

IND vs ENG 2nd Test Pitch Report In Hindi: आज (2 July 2025) से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच शुरू होने वाला है। मुकाबला बर्मिंघम में आयोजित होगा। इस टेस्ट सीरीज के पहले मैच में इंग्लैंड ने अंतिम दिन लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज करके सीरीज में शुरुआती बढ़त बना ली थी। अब टीम इंडिया पर वापसी का दबाव होगा। यहां हम जानेंगे भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट, मौसम की जानकारी और मैदान से जुड़े कुछ खास आंकड़े।

Image

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • टीम इंडिया का इंग्लैंड दौरा 2025
  • आज से शुरू होगा भारत-इंग्लैंड दूसरा टेस्ट मैच
  • बर्मिंघम के मैदान पर खेला जाएगा दूसरा टेस्ट मुकाबला

IND vs ENG 2nd Test Pitch Report In Hindi Today Match: टीम इंडिया के इंग्लैंड दौरे का आगाज अच्छा नहीं रहा। भारत ने सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ पांच खिलाड़ियों के शतक और 371 रनों का विशाल लक्ष्य देने के बावजूद मैच गंवा दिया। नतीजतन भारत सीरीज में 0-1 से पिछड़ गया। अब आज से भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच (India vs England 2nd Test) शुरू होने जा रहा है। ये मुकाबला बर्मिंघम (Birmingham) में खेला जाएगा जहां पर भारत का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। अगर टीम इंडिया को सीरीज में वापसी करनी है तो कुछ खास व मजबूत रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा। भारत-इंग्लैंड दूसरा टेस्ट मैच भारतीय समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। टेस्ट सीरीज में मेहमान भारतीय टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल (Shubman Gill) के हाथों में है जो ्अपने कप्तानी करियर का पहला मैच हार चुके हैं। वहीं, दूसरी तरफ होंगे इंग्लैंड के कप्तान व अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) जो अपने प्रदर्शन से टीम इंडिया पर बहुत दबाव डालने का प्रयास करेंगे।

आज शुरू होने वाले भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच से पहले एक नजर डाल लेते हैं कि अब तक टेस्ट इतिहास में इन दोनों टीमों के आंकड़े कैसे रहे हैं जब-जब इनकी टक्कर हुई है। टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच अब तक 137 टेस्ट मैच हो चुके हैं जिसमें इंग्लैंड ने 52 बार भारतीय क्रिकेट टीम को शिकस्त दी है। दूसरी तरफ, टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ 35 टेस्ट मैचों में कामयाबी मिल सकी है। इन दोनों टीमों के बीच 50 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज 2025 का आयोजन इंग्लैंड में हो रहा है ऐसे में इंग्लैंड में इन दोनों टीमों के बीच हुए टेस्ट मैचों के आंकड़े भी देख लेते हैं। भारत-इंग्लैंड के बीच इंग्लैंड की जमीन पर अब तक 68 टेस्ट मैच हुए हैं जिसमें मेजबान टीम का पलड़ा बहुत भारी रहा है। इंग्लैंड ने अपनी जमीन पर भारत को 37 बार टेस्ट मैचों में मात दी है। वहीं, भारतीय टेस्ट टीम अब तक इंग्लैंड की जमीन पर 9 टेस्ट मैच जीत पाई है।

भारत बनाम इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (IND vs ENG 2nd Test Pitch Report)

मेजबान इंग्लैंड टेस्ट टीम और मेहमान भारतीय टेस्ट टीम के बीच आज से शुरू होने वाला दूसरा टेस्ट मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन (Edgbaston) मैदान पर खेला जाएगा। इस ग्राउंड की पिच पर टेस्ट इतिहास में रनों का अंबार लगता आया है और दिलचस्प बात ये है कि पिछले मैच की तरह यहां पर भी अंतिम दिन तक रन बनाने की खूब गुंजाइश रहेगी और जिस टीम के सामने टारगेट होगा, वो उसे हासिल करने की दिलेरी दिखा सकती है। बर्मिंघम में फिलहाल मौसम काफी गर्म है और ताजा खबरों के मुताबिक पिच के ऊपर घास छोड़ी गई है, हालांकि उसके नीचे पिच सूखी भी है। यानी शुरुआत में जब तक घास बरकरार रहती है, तेज गेंदबाजों को यहां खूब मदद मिलने वाली है और साथ ही बॉल बैट पर आएगी इसलिए रनों की उम्मीद लगातार बनी रहेगी। दूसरे या तीसरे दिन से स्पिनर्स भी यहां अपना दम दिखा सकते हैं। इस मैदान पर एक पारी में सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग प्रदर्शन एक स्पिनर के नाम ही दर्ज है। वो गेंदबाज थे इंग्लैंड के विल्फ्रेड रोड्स जिन्होंने 1902 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक पारी में 17 रन देकर 7 विकेट चटकाए थे, ऐसे में मुमकिन है कि भारत इस मैच के लिए प्लेइंग-11 में कुलदीप यादव को जरूर उतारे। यहां एक पारी में सर्वाधिक स्कोर 7 विकेट पर 710 रन है जो इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 2011 में बनाया था। इसके अलावा सबसे अहम बात ये बता दें कि ये वही मैदान पर है जिस पर 2022 में भारत ने इंग्लैंड को 378 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था और इंग्लैंड ने सिर्फ 3 विकेट के नुकसान पर उस टारगेट को हासिल कर लिया था। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 311 रन है। एजबेस्टन के मैदान पर अब तक 56 टेस्ट मैच हुए हैं जिनमें घरेलू टीम को 30 मैचों में जीत मिली है सिर्फ 11 मैचों में मेहमान टीम जीती है। यहां 15 टेस्ट मैच ड्रॉ हो चुके हैं।

एजबेस्टन के मैदान पर पिछले 5 टेस्ट मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 Test Matches Scorecards And Results At Edgbaston)

मैच की तारीख दोनों टीमें मुकाबले का स्कोरकार्ड नतीजा
1 अगस्त 2019इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलियाऑस्ट्रेलिया- 284 और 487/7dec, इंग्लैंड- 374 और 146ऑस्ट्रेलिया 251 रन से जीता
10 जून 2021इंग्लैंड-न्यूजीलैंडइंग्लैंड- 303 और 122, न्यूजीलैंड- 388 और 41/2न्यूजीलैंड 8 विकेट से जीता
1 जुलाई 2022भारत-इंग्लैंडभारत- 416 और 245, इंग्लैंड- 284 और 378/3इंग्लैंड 7 विकेट से जीता
16 जून 2023इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलियाइंग्लैंड- 393/8 और 273, ऑस्ट्रेलिया- 386 और 282/8ऑस्ट्रेलिया 2 विकेट से
26 जुलाई 2024इंग्लैंड-वेस्टइंडीजवेस्टइंडीज- 282 और 175, इंग्लैंड- 376 और 87/0इंग्लैंड 10 विकेट से जीता

भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players to watch out for in India vs England 2nd Test Match)

मौजूदा टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड और टीम इंडिया के बीच आज से शुरू हो रहे पहले मैच में कई शानदार खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें टिकी होंगी। मेजबान इंग्लैंड की तरफ से कप्तान बेन स्टोक्स के साथ-साथ जो रूट (Joe Root), हैरी ब्रुक (Harry Brook), शोएब बशीर (Shoaib Bashir), ब्रायडन कार्स (Brydon Carse) और ओली पोप (Ollie Pope) पर निगाहें रहेंगी। उधर, भारत के लिए कप्तान गिल के अलावा ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और केएल राहुल (KL Rahul) से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। वहीं पेसर जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) अगर खेले तो वो सबसे मुख्य खिलाड़ी होंगे। उनके अलावा पेसर प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna), विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) और अगर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को शामिल किया गया तो उनसे काफी उम्मीदें होंगी।

अगले 5 दिन कैसा रहेगा बर्मिंघम का मौसम (Birmingham Weather Forecast)

भारत-इंग्लैंड दूसरा टेस्ट मैच बर्मिंघम में आयोजित होने जा रहा है। अगले 5 दिन यहां के मौसम की बात करें तो पहले दिन अच्छी धूप खिली रहेगी और थोड़ी बारिश कुछ हिस्सों में हो सकती है लेकिन उससे मैच पर प्रभाव शायद ना पड़े। दूसरे दिन बारिश की 20 प्रतिशत संभावना है और बादल छाए रहेंगे। तीसरे दिन बादल रहेंगे हालांकि बारिश की ज्यादा उम्मीद नहीं है। जबकि अंतिम दो दिन बारिश का अनुमान है। वहीं, बर्मिंघम में अगले पांच दिन अधिकतम तापमान 19 से 23 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच बनेगा रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेंटीग्रेड के बीच रहने के आसार हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article