
IND Vs ENG: टॉम हार्टली के सामने नहीं टिक पाई टीम इंडिया, इंग्लैंड ने मारी बाजी
India Vs England: ओली पोप और टॉम हार्टली के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड ने जीत हासिल की। मेहमान टीम इंग्लैंड ने मेजबान टीम भारत को 29 रन से हराया। इसी जीत के साथ इंग्लैंड पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड ने दूसरी पारी को 316/6 रन से आगे खेलना शुरू किया। टीम 102.1 ओवर में 420 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम ने भारत को 231 रन का लक्ष्य दिया। ओली पोप ने शानदार पारी खेलकर टीम को बड़ी बढ़त दिलाई। उन्होंने 278 गेंदों पर 21 चौके की मदद से 196 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की दूसरी पारी 202 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में कप्तान रोहित शर्मा ने 39 रन की पारी खेली, जबकि केएल राहुल, श्रेयस अय्यर यशस्वी जायसवाल का बल्ला शांत रहा। पहली पारी में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले रवींद्र जडेजा दूसरी पारी में 2 रन पर रन आउट हो गए। इंग्लैंड के टॉम हार्टली ने दूसरी पारी में सबसे ज्यादा 7 विकेट चटकाए।
बता दें कि इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले खेलते हुए मेहमान टीम ने 64.3 ओवर में 246 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत ने पहली पारी में 121 ओवर में 436 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।