Ind vs Australia: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर सीरीज का चौथा और आखिरी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है, लेकिन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए उसे हर हाल में अहमदाबाद टेस्ट में जीत दर्ज करनी होगी। इंदौर में जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने पलटवार किया था, उसको देखते हुए रोहित की टीम के लिए यह आसान बिल्कुल नहीं होगा। यही कारण है कि टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग इलेवन निर्धारित करने के लिए माथे पर बल देना होगा।
अहमदाबाद के ट्रैक को देखते हुए ईशान किशन को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। ऋषभ पंत की जगह शामिल किए गए केएस भरत ने विकेटकीपिंग तो शानदार की है, लेकिन बल्ले से उन्होंने निराश किया है, इसलिए ईशान किशन के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के संभावना अधिक है। इसके अलावा गेंदबाजी में भी बदलाव हो सकता है।
इंदौर में किए थे दो बदलाव
इंदौर टेस्ट में टीम इंडिया दो बदलाव के साथ उतरी थी। खराब फॉर्म से जूझ रहे केएल राहुल के स्थान पर शुभमन गिल को मौका मिला था तो मोहम्मद शमी को आराम देकर इस सीरीज में पहली बार उमेश यादव को खेलने का मौका मिला था।
अहमदाबाद में भारतीय टीम की प्लइंग इलेवन
अहमदाबाद टेस्ट की बात करें तो टीम इंडिया फिर एक बार प्लेइंग इलेवन में बदलाव के साथ उतर सकती है।
ओपनिंग जोड़ी- इंदौर की तरह यहां भी रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ही जोड़ी मैदान में उतरेगी। गिल भले इंदौर में बल्ले का दम न दिखा पाए हों, लेकिन उन्हें एक और मौका जरूर मिलेगा।
मध्यक्रम में टीम इंडिया- मध्यक्रम में टीम बिना किसी बदलाव के उतरेगी। 3 नंबर पर चेतेश्वर पुजारा, 4 और 5 पर क्रमश: विराट कोहली और श्रेयस अय्यर होंगे। 6 नंबर पर विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को मौका मिल सकता है।
ऑलराउंडर- ऑलराउंडर में रवींद्र जडेजा के अलावा रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल ने इंदौर टेस्ट को छोड़कर अब तक बल्ले और गेंद दोनों में कमाल किया है।
गेंदबाजी- गेंदबाजी में टीम इंडिया एक बदलाव के साथ उतर सकती है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी तय मानी जा रही है और उमेश यादव को एक बार फिर बाहर बैठना पड़ सकता है। इसके अलावा मोहम्मद सिराज पर तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी होगी।
Team India Playing XI Prediction: रोहित शर्मा(कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन , रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज।
