क्रिकेट

IND vs AUS 1st Test 2nd Day Highlights: यशस्वी और केएल राहुल की बेजोड़ पारी, ऑस्ट्रेलिया पर बढ़ा दबाव, 218 रन की बढ़त

IND vs AUS, India vs Australia 1st Test Day-2 Match Highlights: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने बेजोड़ पारी खेली। उनकी पारी के बाद मेजबान ऑस्ट्रेलिया पर दवाब बढ़ गया। टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाल बढ़त बना ली है।

Image

केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल। (फोटो- BCCI Twitter)

Photo : Twitter

IND vs AUS, India vs Australia 1st Test Day-2 Match Highlights: यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की संयम से भरी अर्धशतकीय पारियों और पहले विकेट के लिये 172 रन की अटूट साझेदारी के दम पर भारत ने पहले टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को दूसरी पारी में बेहतरीन शुरूआत करते हुए कुल 218 रन की बढत बना ली। इससे पहले कार्यवाहक कप्तान जसप्रीत बुमराह ने 11वीं बार पारी में पांच विकेट लेने का कमाल करके आस्ट्रेलिया को 104 रन पर समेट दिया । पहली पारी में 150 रन बनाने वाली भारतीय टीम को 46 रन की बढत मिली थी। जायसवाल ने पहली पारी की गलती से सबक लेते हुए धैर्यपूर्वक खेला तो राहुल ने अपने तकनीकी कौशल का फिर प्रदर्शन किया । दोनों ने विशुद्ध टेस्ट क्रिकेट अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अच्छी गेंदों का सम्मान किया तो ढीली गेंदों को नसीहत दी।

दूसरे दिन का खेल समाप्त होने पर जायसवाल 193 गेंद में सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 90 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि पहली पारी में तीसरे अंपायर के विवादास्पद फैसले का शिकार हुए राहुल ने 153 गेंद में 62 रन बना लिये हैं जिसमें चार चौके शामिल हैं। दूसरी पारी में पिच पर जमी घास सूख गई थी और दरारें भी दिखने लगी जिससे गेंदबाजों को उतनी मदद नहीं मिल रही और बल्लेबाजों के लिये स्ट्रोक्स खेलना आसान हो गया है। आस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने सात गेंदबाजों को आजमाया लेकिन राहुल और जायसवाल की एकाग्रता नहीं तोड़ सके।

जायसवाल ने चाय के बाद अपना अर्धशतक 123 गेंदों में पूरा किया जो 15 टेस्ट में उनका सबसे धीमा अर्धशतक है। यह बताता है कि बतौर बल्लेबाज वह बेखौफ ही नहीं बल्कि हालात के अनुरूप भी खेलने में माहिर हैं। इस पिच पर 300 से अधिक का कोई भी लक्ष्य आसान नहीं होगा और पिच में दरारें बढने पर वॉशिंगटन सुंदर प्रभावी साबित हो सकते हैं। पहली पारी में विवादास्पद तरीके से आउट हुए राहुल ने जिस तरह से कमिंस को आन ड्राइव पर बेहतरीन शॉट खेला और जायसवाल ने जबर्दस्त परिपक्वता से मिचेल स्टार्क जैसे खतरनाक गेंदबाज को कवर्स पर चौका लगाया, उससे भारतीय बल्लेबाजों के तेवर जाहिर हो गए थे।

पारी की शुरूआत में रक्षात्मक खेलते हुए जायसवाल ने आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खूब परेशान किया । स्टार्क से तनिक भी भयभीत हुए बिना उन्होंने मिडविकेट के ऊपर से चौका लगाया। इससे पहले बुमराह ने एक पारी के पांच विकेट लेने का कारनामा 11वीं बार किया जबकि टेस्ट में पदार्पण कर रहे हर्षित राणा ने शानदार पहला स्पैल डाला जिसकी मदद से भारत ने आस्ट्रेलिया को पहली पारी में 104 रन पर आउट कर दिया। आस्ट्रेलिया के लिये आखिरी जोड़ी मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड ने भारत को आखिरी विकेट के लिये काफी इंतजार कराया। आस्ट्रेलिया के नौ विकेट 79 रन पर गिर गए थे जिसके बाद स्टार्क (113 गेंद में 26 रन) और हेजलवुड (31 गेंद में नाबाद सात रन) ने 18 ओवर तक चली 25 रन की साझेदारी की । इसकी वजह से भारतीय टीम 46 रन की ही बढत ले सकी।

भारत के लिये शुरूआत अच्छी रही जब बुमराह ने दूसरे ही ओवर में एलेक्स कारी को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों लपकवाया। बुमराह ने 18 ओवर में 30 रन देकर पांच विकेट लिये। दूसरे दिन गेंदबाजी की शुरूआत हर्षित ने की जिन्होंने 15 . 2 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट लिये । हर्षित ने कई शॉर्ट गेंदें फेंकी और एक पर नाथन लियोन ने गली में केएल राहुल को कैच दे दिया। उस समय आस्ट्रेलियाई टीम भारत के पहली पारी के स्कोर 150 रन से 71 रन पीछे थी। केकेआर के अपने साथी खिलाड़ी स्टार्क के खिलाफ हालांकि शॉर्ट गेंदों की उनकी रणनीति काम नहीं आई। स्टार्क ने शानदार रक्षात्मक खेल दिखाया और कुछ हवाई शॉट भी खेले। हर्षित ने अपने दूसरे स्पैल में स्टार्क को पंत के हाथों लपकवाया।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article