क्रिकेट

IND vs AUS 2nd ODI: रोहित शर्मा ने सौरव गांगुली को पछाड़ा, वनडे में भारत के दूसरे सबसे सफल ओपनर बने

IND vs AUS ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के दूसरे मैच में रोहित शर्मा ने दमदार पारी खेली और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। रोहित अब वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारत के दूसरे ओपनर बन गए हैं। उन्होंने गांगुली को पछाड़ दिया है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- AP)

IND vs AUS ODI: भारत के दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एकदिवसीय (ODI) क्रिकेट फॉर्मेट में बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को पीछे छोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ, रोहित शर्मा अब भारतीय खिलाड़ियों की इस विशिष्ट सूची में महान सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे स्थान पर आ गए हैं।

गांगुली का रिकॉर्ड टूटा, विश्व में 5वें पायदान पर 'हिटमैन'

गुरुवार को खबर लिखे जाने तक रोहित शर्मा ने 186 वनडे पारियों में 9,171 रन बना लिए हैं। वहीं, सौरव गांगुली ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 236 पारियों में 9,146 रन बनाए थे। रोहित ने न केवल गांगुली को पछाड़ा है, बल्कि वह विश्व स्तर पर बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस लिस्ट में शीर्ष पर सचिन तेंदुलकर कायम हैं, जिन्होंने 340 पारियों में 15,310 रन बनाए हैं। दूसरे पायदान पर श्रीलंका के दिग्गज सनथ जयसूर्या हैं, जिन्होंने 383 पारियों में 12,740 रन बनाए। तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल (274 पारियों में 10,179 रन) और चौथे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट (259 पारियों में 9,200 रन) मौजूद हैं।

लंबे ब्रेक के बाद रोहित की वापसी

रोहित शर्मा लंबे समय के बाद भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय सीरीज़ खेल रहे हैं। इस सीरीज़ से पहले, रोहित ने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेला था। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सीरीज़ के पहले मैच में उनका प्रदर्शन फीका रहा था, जहां वह 14 गेंदों में महज 8 रन बनाकर आउट हो गए थे।रोहित ने पिछली बार वनडे फॉर्मेट में 9 फरवरी 2025 को इंग्लैंड के खिलाफ कटक में 119 रन की शतकीय पारी खेली थी। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने 76 रन बनाए थे।

'करो या मरो' के मुकाबले में टीम इंडिया

भारतीय टीम इस समय एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 'करो या मरो' की स्थिति में उतरी है। भारतीय टीम पर्थ में खेला गया सीरीज़ का पहला मैच गंवा चुकी है। ऐसे में, सीरीज़ में बने रहने और इसे बचाने के लिए टीम इंडिया को यह मुकाबला हर हाल में जीतना होगा। एडिलेड में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। टीम इंडिया ने यहां कुल 15 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 9 मुकाबले जीते हैं, जबकि पांच में हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच टाई भी रहा है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article