ICC WTC Final 2023, India vs Australia: भारत-ऑस्ट्रेलिया आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का आगाज आज से हो गया है। लंदन के द ओवल मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारतीय तेज गेंदबाजों ने शुरुआत से ही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर लगाम कसते हुए अपने कप्तान के फैसले को सही साबित किया। भारत को पहली सफलता कुछ ही देर में मिल गई जब मोहम्मद सिराज ने एक शानदार गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। ख्वाजा खाता भी नहीं खोल सके।
ओवल मैदान की पिच उछाल से भरी और तेज गेंदबाजों के लिए फायदेमंद पिच बताई जा रही थी और जब टीम इंडिया गेंदबाजी करने उतरी तो चौथे ही ओवर में इसका पहला प्रभाव देखने को मिल गया। मोहम्मद सिराज गेंदबाजी करने आए और इस ओवर की पहली तीन गेंदों में कोई रन नहीं देने के बाद चौथी गेंद पर सिराज ने एक बेहतरीन गेंद फेंकी जो ऑफ स्टंप के बाहर बल्लेबाज के करीब से स्विंग करते हुए निकली और इस पर ख्वाजा चूक कर बैठे और उनके बल्ले का किनारा लग गया, विकेट के पीछे खड़े कीपर केएस भरत ने कोई चूक नहीं करते हुए कैच लपक लिया।
देखिए उस शानदार गेंद का वीडियो
सिराज ने ख्वाजा को खाता भी नहीं खोलने दिया और तीन रन के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका देने में सफलता हासिल की। पिच पर थोड़ी घास है और क्यूरेटर पहले ही कह चुके थे कि इस पिच पर गेंदबाजों को अच्छा उछाल मिलेगा।
