अहमदाबाद: इंदौर टेस्ट में भारत को 9 विकेट से मात देने के बाद अहमदाबाद पहुंची ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज के चौथे और आखिरी टेस्ट में धमाकेदार शुरुआत की है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक उस्मान ख्वाजा के सीरीज में पहले और करियर का 14वें टेस्ट शतक की बदौलत 4 विकेट पर 255 रन बना लिए हैं। ख्वाजा 104 और कैमरन ग्रीन 49 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 85* (116) रन की साझेदारी हो चुकी है।
ख्वाजा हेड ने दी ऑस्ट्रेलिया को शानदार शुरुआत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को उस्मान ख्वाजा और ट्रेविस हेड की जोड़ी ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की। इसके बाद रविचंद्रन अश्विन और मोहम्मद शमी ट्रेविस हेड(32) और मार्नस लाबुशेन (03) को जल्दी-जल्दी आउट करके भारत की मैच में वापसी कराने की कोशिश की। हेड अश्विन की गेंद पर जडेजा का हाथों लपके गए। इसके बाद मोहम्मद शमी ने मार्नस लाबुशेन को बोल्ड कर दिया। दो विकेट गंवाने के बाद कप्तान स्टीव स्मिथ ने उस्मान ख्वाजा के साथ पारी को संभाला और लंच तक और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट खोकर 75 रन बना लिए थे।
दूसरे सत्र में भारत को नहीं मिली कोई सफलता
लंच के बाद उस्मान ख्वाजा और स्टीव स्मिथ ने पिच पर पैर जमा लिए और दूसरे सत्र में कोई विकेट नहीं गिरने दिया। दूसरे सत्र में दोनों ने मिलकर चायकाल तक ऑस्ट्रेलिया को 2 विकेट पर 149 रन तक पहुंचा दिया। दूसरे सत्र में ख्वाजा ने 146 गेंद में 9 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। चायकाल पर ख्वाजा 65 और स्मिथ 38 रन बनाकर नाबाद थे। मौजूदा सीरीज में ऐसा पहली बार हुआ कि खेल के एक सत्र में कोई विकेट नहीं गिरा।
चायकाल के बाद स्मिथ बने जडेजा का शिकार
चायकाल के बाद तीसरे सत्र में भारत का विकेट का इंतजार जल्दी ही खत्म हो गया। रवींद्र जडेजा ने कप्तान स्टीव स्मिथ को बोल्ड करके तीसरे विकेट के लिए हुई साझेदारी को तोड़ दिया। स्मिथ और ख्वाजा ने तीसरे विकेट के लिए 79 (248) रन की साझेदारी की। स्मिथ के आउट होते ही ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 3 विकेट पर 151 रन हो गया।
ख्वाजा ने जड़ा सीरीज में पहला शतक
ऐसे में उस्मान ख्वाजा ने एक छोर संभाले रखा लेकिन स्मिथ के बाद बल्लेबाजी करने आए पीटर हैंड्सकॉम्ब को मोहम्मद शमी ने ज्यादा देर तक मैदान में नहीं रुकने दिया। एक शानदार गेंद पर शमी ने हैंड्सकॉम्ब को बोल्ड करके भारत को चौथी सफलता दिला दी। हैंड्सकॉम्ब 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद बैटिंग करने आए कैमरन ग्रीन ने दूसरे छोर पर ख्वाजा का साथ दिया। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 200 रन के पार पहुंचा दिया। दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले ख्वाजा ने 246 गेंद पर 15 चौकों के साथ सीरीज में पहला और करियर का 14वां टेस्ट शतक पूरा कर लिया। दिन का खेल समाप्त होने पर ख्वाजा 104*(251) और कैमरन ग्रीन 49*(64) रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच 85*(116) की साझेदारी हो चुकी है।
