क्रिकेट

IND U19 vs AUS U19 3rd YODI: वेंदांत और राहुल ने दिलाई भारत को तीसरे वनडे में जीत, ऑस्ट्रेलिया का हुआ सीरीज में सूपड़ा साफ

भारत की अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीम को सीरीज के तीसरे यूथ वनडे में 167 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर सीरीज में कंगारू टीम का सूपड़ा साप कर दिया है। वैभव सूर्यवंशी का बल्ला तीसरे मुकाबले में नहीं चला।

Image

वैभव सूर्यवंशी (फोटो क्रेडिट Cricket Australia X)

ब्रिसबेन: मध्यक्रम के बल्लेबाज वेदांत त्रिवेदी और राहुल कुमार के अर्धशतकों और स्पिनर खिलान पटेल के चार विकेट की बदौलत भारत अंडर-19 टीम ने शुक्रवार को यहां ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 को 167 रनों के बड़े अंतर से हराकर तीन मैचों की युवा एकदिवसीय श्रृंखला में क्लीन स्वीप कर लिया। वेदांत (92 गेंदों पर 86 रन) और राहुल (84 गेंदों पर 62 रन) की चौथे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी से भारत ने नौ विकेट पर 280 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

ऑस्ट्रेलिया ए को अच्छी शुरुआत नहीं मिली और टीम ने 39 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उद्धव मोहन (26 रन पर तीन विकेट) और स्पिनर खिलान पटेल (26 रन पर चार विकेट) के लगातार दबाव के कारण घरेलू टीम 28.3 ओवर में सिर्फ 113 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने पिछले दो मैचों में मेजबान टीम को सात विकेट और 51 रनों से हराया था।

इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान आयुष म्हात्रे (चार) और आक्रामक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (16) के विकेट जल्दी गिरने से झटका लगा। म्हात्रे लगातार तीसरी बार दहाई के आंकड़े पर पहुंचने में नाकाम रहे। सातवें ओवर में 36 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद वेदांत ने विहान मल्होत्रा (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को पटरी पर लाना शुरू किया।

वेदांत ने इस दौरे का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने 92 गेंद की पारी में आठ चौके लगाये। विकेटकीपर बल्लेबाज हरवंश पंगलिया (23) और पुछल्ले बल्लेबाज खिलान पटेल के नाबाद 19 रनों ने भारत अंडर-19 को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए घरेलू टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रही और सिर्फ़ तीन बल्लेबाज़ ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article