क्रिकेट

IML, INDM vs SAM: इंडिया मास्टर्स ने दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से दी मात, राहुल शर्मा ने ली हैट्रिक

स्पिनर राहुल शर्मा की हैट्रिक की बदौलत इंडिया मास्टर्स ने इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (आईएमएल) में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

राहुल शर्मा (साभार IML)

वडोदरा: राहुल शर्मा की हैट्रिक की मदद से इंडिया मास्टर्स ने शनिवार को यहां इंटरनेशनल मास्टर्स लीग (आईएमएल) में दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। शर्मा ने पारी के पांचवें ओवर में लगातार गेंदों पर सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला (09), दक्षिण अफ्रीका के कप्तान जैक्स कैलिस (0) और जैक्स रूडोल्फ (0) को आउट किया जिससे टीम ने शानदार शुरुआत के बाद 35 रन पर तीन विकेट गंवा दिये। शर्मा ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन विकेट लिये।

दक्षिण अफ्रीका इन झटकों से उबर नहीं सका और 13.5 ओवर में मात्र 85 रन ऑल आउट हो गया। पवन नेगी (21 रन पर दो विकेट), युवराज सिंह (12 रन पर तीन विकेट) और स्टुअर्ट बिन्नी (एक रन पर दो विकेट) भारत के लिए अन्य विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। अमला को भारत के पूर्व स्पिनर शर्मा ने बोल्ड किया जबकि कैलिस और रूडोल्फ दोनों को पगबाधा आउट करार दिया गया।

भारत ने सचिन तेंदुलकर (6) का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन अंबाती रायडू ने 34 गेंदों में सात चौकों की मदद से 41 रन बनाकर नाबाद पारी खेलकर टीम को 54 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। इरफान पठान 12 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 13 रन बनाकर आउट हो गए। युवराज ने 12 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 21 रन बनाये जिससे टीम ने 11 ओवर में दो विकेट पर 89 रन बनाकर आठ विकेट से जीत हासिल की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article