दुबई: पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ दुबई में खेले जा रहे चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के महामुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान को बाबर आजम और इमाम उल हक ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए टीम को 41 रन के स्कोर तक बगैर किसी नुकसान तक पहुंचाया। नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक ने विकेट के पीछे बाबर को कैच कराकर भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद कुलदीप यादव के फेंके अगले ही ओवर में अक्षर पटेल ने अपने सटीक निशाने के बल पर इमाम उल हक की पारी का अंत कर दिया।
इमाम की रन चुराने की कोशिश को किया नाकाम
दसवें ओवर में कुलदीप यादव गेंदबाजी करने आए और स्ट्राइक पर इमाम उल हक थे। दूसरे छोर पर सऊद शकील थे। ऐसे में पहली गेंद पर बाबर ने कोई रन नहीं लिया लेकिन दूसरी गेंद पर उन्होंने गेंद को मिड ऑन की दिशा में भेजकर एक रन लेने की कोशिश की। लेकिन वहां अक्षर पटेल मुस्तैदी के साथ तैनात थे। उन्होंने चपलता दिखाते हुए इमाम के रन चुराने के मंसूबे को अपने सटीक थ्रो से नाकाम कर दिया। मिड ऑन से अक्षर ने अर्जुन की तरह सटीक निशाना लगाकर गिल्लियां बिखेर दी। इमाम उल हक 10 (26) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फख़र जमां की जगह टीम में शामिल किए गए इमाम उल हक ने इस तरह अपना विकेट गंवाकर करोड़ों पाकिस्तानियों के दिल तोड़ दिए। उनके आउट होते ही पाकिस्तान का स्कोर 2 विकेट पर 47 रन हो गया।
रोहित ने लगाया अक्षर को खुशी से गले
इमाम उल हक को रन आउट करते ही कप्तान रोहित शर्मा ने अक्षर पटेल को खुशी से गले लगा लिया। इमाम उल हक को पाकिस्तानी टीम में न्यूजीलैंड के खिलाफ फील्डिंग के दौरान चोटिल होने के बाद शामिल किया गया था।
