क्रिकेट

ICC ODI Rankings: स्मृति मंधाना की बादशाहत कायम, दीप्ति शर्मा ने लगाई लंबी छलांग

ICC Womens ODI Rankings 2025: इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत की दीप्ति शर्मा बल्लेबाजों में 10 स्थानों की छलांग लगाकर 23वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने मंगलवार को जारी नवीनतम आईसीसी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

Image

दीप्ति शर्मा (फोटो- ICC)

ICC Womens ODI Rankings 2025: इंग्लैंड के खिलाफ जारी एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत की दीप्ति शर्मा ने बल्लेबाजी रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है। वहीं, सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने भी अपनी बादशाहत कायम रखी है। मंगलवार को जारी आईसीसी की नवीनतम रैंकिंग में भारतीय महिला क्रिकेटरों की स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

दीप्ति शर्मा को बल्लेबाजों में 10 स्थान की छलांग

दीप्ति शर्मा ने पहले वनडे में नाबाद 62 रन और दूसरे मैच में नाबाद 30 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह 10 स्थान की छलांग लगाकर 23वें नंबर पर पहुंच गई हैं। दीप्ति का यह प्रदर्शन बल्ले और गेंद दोनों से अहम रहा है।

मंधाना का शीर्ष स्थान बरकरार

टीम इंडिया की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। उन्होंने पहले दो मुकाबलों में क्रमशः 28 और 42 रन बनाए। उनकी 727 की रेटिंग अब भी कायम है, जो उन्हें नंबर 1 पर बनाए हुए है।

हरमनप्रीत कौर को नुकसान

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर का प्रदर्शन इस श्रृंखला में औसत रहा। पहले दो मैचों में उन्होंने केवल 17 और 7 रन बनाए, जिसके चलते वह 5 स्थान फिसलकर अब 21वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

सोफिया डंकले को जबरदस्त बढ़त

इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकले ने पहले वनडे में 92 गेंदों में 83 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। इस प्रदर्शन का उन्हें रैंकिंग में सीधा फायदा मिला और वह 24 स्थान की छलांग लगाकर 52वें स्थान पर पहुंच गईं।

गेंदबाजों की रैंकिंग में एक्लेस्टोन का जलवा

इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने गेंदबाजी रैंकिंग में न केवल अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा, बल्कि उसमें और सुधार भी किया है। मौजूदा श्रृंखला में चार विकेट लेने वाली एक्लेस्टोन की रेटिंग 747 से बढ़कर 776 हो गई है। दूसरे वनडे में तीन विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच भी बनीं।

शीर्ष तीन में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाज

एक्लेस्टोन के बाद ऑस्ट्रेलिया की एशले गार्डनर (724) और मेगन शुट्ट (696) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, दीप्ति शर्मा गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर बनी हुई हैं, जिससे उनके हरफनमौला प्रदर्शन की पुष्टि होती है।

स्नेह राणा और चार्ली डीन को भी फायदा

भारतीय स्पिनर स्नेह राणा और इंग्लैंड की चार्ली डीन ने भी इस श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों ने तीन-तीन विकेट झटके हैं। डीन 625 रेटिंग के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है। वहीं, राणा 12 स्थान की छलांग लगाकर 21वें नंबर पर पहुंची हैं। यह भी उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

हरफनमौला खिलाड़ियों की सूची में भी बदलाव

हरफनमौला खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी सुधार देखने को मिला है। चार्ली डीन संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जबकि एक्लेस्टोन ने भी तीन स्थान का सुधार करते हुए 18वें नंबर पर जगह बना ली है।

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article