दुबई: श्रीलंका के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में भारतीय टीम को हार को 0-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। कप्तान रोहित शर्मा के अलावा अन्य किसी भारतीय बल्लेबाज का बल्ला सीरीज में नहीं चला। रोहित सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। इसका फायदा उन्हें आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में मिला है। रोहित शर्मा आईसीसी द्वारा जारी की गई वनडे रैंकिग में शुभमन गिल को पछाड़कर दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। रोहित के खाते में 765 रेटिंग प्वांइट हो गए हैं। वो पहले पायदान पर काबिज बाबर आजम से 59 अंक पीछे हैं।
तीसरे स्थान पर पहुंचे गिल, विराट चौथ पर कायम
श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में नाकाम रहने का खामियाजा शुभमन गिल को भुगतना पड़ा है और वो दूसरे से तीसरे पायदान पर खिसक गए हैं। विराट कोहली खराब प्रदर्शन के बावजूद चौथे पायदान पर बने हुए हैं। आयरलैंड के हैरी टेक्टर एक स्थान के फायदे के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उतार चढ़ाव के बावजूद भारत के तीन बल्लेबाज टॉप-5 में काबिज हैं। इसके अलावा बल्लेबाजों में श्रेयस अय्यर 16वें और केएल राहुल 22वें पायदान पर हैं।राहुल को एक स्थान का नुकसान हुआ है।
सिराज पांच स्थान नीचे खिसके
गेंदबाजों की बात करें तो कुलदीप यादव वनडे रैंकिंग में चौथे पायदान पर हैं। वहीं जसप्रीत बुमराह आठवें पायदान पर हैं। मोहम्मद सिराज को श्रीलंका के खिलाफ खराब प्रदर्शन का नुकसान हुआ है। पांचवें से दसवें स्थान पर पहुंच गए हैं। टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी 12वें स्थान पर बने हुए हैं।
