क्रिकेट

ब्रैंडन टेलर ने तोड़ दिया एंडी फ्लावर का 23 साल पुराना रिकॉर्ड, बने जिम्बाब्वे के सबसे सफल बैटर

ब्रेंडन टेलर ने बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में 81 रन की पारी खेली। 24 रन के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही जिम्बाब्वे को मुश्किल से उबार ब्रेंडन टेलर और क्रेग इरविन की जोड़ी ने, दोनों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की।

Image

ब्रेंडन टेलर (साभार-X ZIM C)

यूएई में खेले जा रहे ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे के अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने एंडी फ्लावर का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने शून्य के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। इससे पहले कि जिम्बाब्वे के बल्लेबाज कुछ समझ पाते, बांग्लादेश ने एक के बाद एक दो और झटके दिए। 24 रन के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही जिम्बाब्वे को मुश्किल से उबार ब्रेंडन टेलर और क्रेग इरविन की जोड़ी ने, दोनों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी की। इस दौरान टेलर ने अपने वनडे करियर का 40वां अर्धशतक जड़ा। टेलर 101 गेंद में 81 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने 10 चौके जड़े।

तोड़ दिया एंडी फ्लावर का रिकॉर्ड

81 रन की इस पारी के दम पर टेलर वनडे क्रिकेट में एंडी फ्लावर से आगे निकल गए। अब वह इस फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के सबसे सफल बल्लेबाज हो गए। एंडी फ्लावर ने 213 मैच की 208 पारी में 6,786 रन बनाए थे। टेलर ने 209वीं पारी में ही फ्लावर को पीछे छोड़ दिया। अब टेलर के नाम वनडे क्रिकेट में 209 पारी में 6,837 रन हो गए हैं और वह वनडे में जिम्बाब्वे के सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं। टेलर ने वनडे क्रिकेट में 11 शतक और 40 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 145 रन नाबाद रहा है।

ब्रेंडन टेलर का क्रिकेट करियर

ब्रेंडन टेलर ने जिम्बाब्वे के लिए 211 वनडे के अलावा 37 टेस्ट और 59 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले हैं। टी20 में टेलर के नाम एक शतक और 6 अर्धशतक सहित 1,216 रन हैं। इसके अलावा 27 टेस्ट की 72 पारी में उनके नाम 2,420 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 12 अर्धशतक जड़े हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article