क्रिकेट

AUS vs ENG: चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के खिलाफ भिड़ंत से पहले छलका स्टीव स्मिथ का दर्द, टीम को खल रही है इनकी कमी

ऑस्ट्रेलिया की चैंपियंस ट्रॉफी में कमान संभाल रहे धाकड़ बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले कहा है कि उनकी टीम को टूर्नामेंट में सीनियर गेंदबाजों की खल रही है कमी।

Image

स्टीव स्मिथ

Photo : AP

लाहौर: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ चैंपियंस ट्रॉफी में अपने प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति से चिंतित नहीं हैं और उन्हें उम्मीद है कि युवा खिलाड़ी इस बड़ी प्रतियोगिता के दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत शनिवार को पुराने प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड के खिलाफ मैच के साथ करेगी, लेकिन 50 ओवर के प्रारूप के विश्व चैंपियन के पास प्रमुख तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क नहीं होंगे। इनके अलावा उसे चोटिल ऑलराउंडर मिचेल मार्श और अचानक संन्यास लेने की घोषणा करने वाले मार्कस स्टोइनिस की सेवाएं भी नहीं मिलेंगी।

चैंपियंस ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया का नहीं रहा है बेहतर प्रदर्शन

स्मिथ ने शुक्रवार को लाहौर में मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा,'आईसीसी की अन्य प्रतियोगिताओं की तुलना में हमने चैंपियंस ट्रॉफी में बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है लेकिन मेरा मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में खेलने के दबाव में हम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं।' स्मिथ ने यह भी स्पष्ट किया कि वनडे विश्व चैंपियन होना यहां अप्रासंगिक है क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी एक अलग टूर्नामेंट है। उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि चैंपियंस ट्रॉफी में आपको शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन करना होगा। यहां आप विश्व कप की तरह धीमी शुरुआत नहीं कर सकते हैं। इसलिए हमारा खिलाड़ियों को यही संदेश है कि वे प्रत्येक मैच को क्वार्टर फाइनल की तरह लें।'

युवा नहीं खलने देंगे सीनियर खिलाड़ियों की कमी

स्मिथ ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चैंपियंस ट्रॉफी में उनके युवा खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा,'निश्चित तौर पर हमें अपने अनुभवी तेज गेंदबाजों की कमी खल रही है लेकिन हम इसको लेकर चिंतित नहीं हैं। इससे हमारे युवा खिलाड़ियों के पास विश्व स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मौका होगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article