क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: पाकिस्तान के पीएम ने भारत-पाक महा-मुकाबले की आग में डाला घी

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ भारत और पाक के बीच 23 फरवरी, 2025 को खेले जाने वाले महामुकाबले की आग में घी डालने का काम कर दिया है।

Image

भारत पाकिस्तान

लाहौर: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा कि उनकी टीम के लिए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतना ही नहीं बल्कि 23 फरवरी को दुबई में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी भारत को हराना वास्तविक चुनौती होगी। शरीफ ने नए सिरे से तैयार किए गए गद्दाफी स्टेडियम के उद्घाटन समारोह के दौरान शुक्रवार की रात को कहा कि भारत के खिलाफ उनके खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

भारत को हराना है वास्तविक चुनौती

शरीफ ने कहा,'हमारी टीम बहुत अच्छी है और उसने हाल के दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन उनके सामने अब वास्तविक चुनौती चैंपियंस ट्रॉफी जीतना ही नहीं बल्कि दुबई में होने वाले मैच में हमारे चिर प्रतिद्वंद्वी भारत को हराना होगा। पाकिस्तान की टीम को पूरे देश का समर्थन हासिल है।'

आईसीसी टूर्नामेंट में रहा है भारत का दबदबा

भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट प्रतिद्वंदिता का लंबा इतिहास रहा है और भारतीय टीम ने आईसीसी प्रतियोगिताओं में अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 90 के दशक से ही दबदबा बनाए रखा है। पाकिस्तान ने आईसीसी की किसी प्रतियोगिता में भारत के खिलाफ आखिरी जीत 2021 में दुबई में टी20 विश्व कप में हासिल की थी। पाकिस्तान चैंपियंस ट्रॉफी में गत चैंपियन के रूप में भाग लेगा। उसने इससे पहले 2017 में इंग्लैंड में आयोजित किए गए टूर्नामेंट में जीत हासिल की थी।

चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन है पाकिस्तान के लिए बड़ा अवसर

शरीफ ने कहा,'यह पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा अवसर है क्योंकि हम लगभग 29 साल के बाद किसी आईसीसी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहे हैं।मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी टीम चैंपियंस ट्रॉफी में भी देश का सिर ऊंचा करेगी।'गद्दाफी स्टेडियम का नवीनीकरण का कार्य 117 दिन में पूरा किया गया। इसके उद्घाटन समारोह में प्रसिद्ध गायक अली जफर, आरिफ लोहार और आइमा बेग ने भी दर्शकों का मनोरंजन किया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article